रांची एयरपोर्ट पर क्यों मचा हड़कंप? एक साथ 14 फ्लाइट्स रद्द, कई शहरों का संपर्क प्रभावित

तूफानी चक्रवात की वजह से रांची एयरपोर्ट पर हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण 14 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। जानें किन शहरों की उड़ानें प्रभावित हुईं।

Sawan Gupta
Published on: 21 Nov 2026 4:53 PM IST
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

Ranchi Airport Flights Cancelled: चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर झारखंड में बढ़ने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में खराब मौसम और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। हवाई यातायात पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। शनिवार, 21 नवंबर को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कुल 14 उड़ानें रद्द कर दी गईं। अचानक इतनी बड़ी संख्या में फ्लाइट्स कैंसिल होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

खराब मौसम और कम विजिबिलिटी बनी वजह

रांची एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द होने की प्रमुख वजह खराब मौसम और कम दृश्यता बताई गई है। एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर एक बजे तक एयरपोर्ट पर विजिबिलटी करीब 1,000 मीटर थी। जबकि विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ के लिए लगभग 1,200 से 1,500 मीटर तक दृश्यता होना जरूरी होती है। इसी वजह से कई फ्लाइट्स को कैंसिल करना पड़ा।

इन 14 फ्लाइट्स को किया गया रद्द

रद्द की गई उड़ानों में सबसे ज्यादा असर रांची-दिल्ली रूट पर पड़ा है। इस रूट की चार फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं। इसके अलावा रांची-कोलकाता रूट की दो उड़ानें भी रद्द हुई हैं। बाकी आठ उड़ानें हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे और बेंगलुरु के लिए निर्धारित थीं।

रांची एयरपोर्ट से रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली के लिए फ्लाइट नंबर 2038, 2219, 2286 और 6274 शामिल हैं। कोलकाता के लिए 7466 और 7468 नंबर की फ्लाइट रद्द हुई हैं। इसके अलावा हैदराबाद की 398, पटना की 925, मुंबई की 6088, भुवनेश्वर की 7726, चेन्नई की 209, अहमदाबाद की 6654, पुणे की 761 और बेंगलुरु की 6799 नंबर की उड़ान भी रद्द रही।

दिल्ली से रांची आ रही फ्लाइट को कोलकाता भेजा गया

खराब मौसम का असर सिर्फ रांची से रवाना होने वाली उड़ानों पर ही नहीं पड़ा। शनिवार सुबह दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को भी मौसम के कारण रांची में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बंगाल की खाड़ी से उठा है चक्रवाती तूफान

मौसम में आए इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' का प्रभाव बताया जा रहा है। इसके कारण झारखंड में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, तूफान 20 नवंबर को ओडिशा के गोपालपुर के पास तट पार कर चुका था। इसके बाद झारखंड में भी मौसम की स्थिति प्रभावित हुई।

यात्रियों को दी गई फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह

एक साथ कई उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हुई हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन से फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर पता कर लें। इससे एयरपोर्ट पहुंचने के बाद होने वाली अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story