TRENDING TAGS :
Jharkhand News: धनबाद में मतदाता मैपिंग अभियान तेज, 23 मई को अनमैप्ड वोटरों की सूची होगी जारी
Jharkhand News: निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत झारखंड समेत कई राज्यों में मतदाता सूची की 2003 की सूची से मैपिंग तेज की गई है।23 मई को अनमैप्ड मतदाताओं की सूची जारी होगी।
Election Commission of India
Jharkhand News: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत झारखंड समेत कई राज्यों में मतदाता सूची को 2003 की पुरानी मतदाता सूची से मिलान (मैपिंग) करने का कार्य तेज कर दिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य वॉटर लिस्ट को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।
जिले में चल रहे इस अभियान के तहत अभी तक लगभग 61.82% मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। हालांकि कई क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारण निर्वाचन विभाग ने जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया है। निर्वाचन आयोग ने 01 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए सभी राज्यों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के आदेश दिए हैं। इसी क्रम में धनबाद जिले में भी सभी विधानसभा क्षेत्रों में मैपिंग का कार्य जारी है।
23 मई को जारी होगी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची
प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई है कि 23 मई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड (जिनकी मैपिंग नहीं हुई है) मतदाताओं की शत-प्रतिशत सूची प्रकाशित की जाएगी। इस लिस्ट में संबंधित BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) का नाम और संपर्क नंबर भी अंकित रहेगा, ताकि मतदाता सीधे संपर्क कर अपनी मैपिंग पूरी करा सकें। साथ ही इस सूची की एक प्रति संबंधित बीएलओ को भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे एबसेंट, शिफ्टेड, मृत या डुप्लीकेट वोटर्स की पहचान कर लिस्ट को अंतिम रूप दिया जा सके।
मतदाताओं से की गई अपील
निर्वाचन विभाग ने सभी अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी मैपिंग जल्द से जल्द पूरी कराएं। मतदाता गणना प्रपत्र और आवश्यक घोषणापत्र भी इसके लिए पेश किए जा सकते हैं।
विधानसभा क्षेत्रों में मैपिंग की स्थिति
जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मैपिंग की स्थिति इस प्रकार है:
सिंदरी: 70.58% (368991 मतदाता)
निरसा: 70.38% (336509 मतदाता)
धनबाद: 45.94% (474931 मतदाता)
झरिया: 50.89% (304522 मतदाता)
टुंडी: 71.78% (325609 मतदाता)
बाघमारा: 66.91% (302854 मतदाता)
धनबाद विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम प्रगति दर्ज की गई है, जबकि टुंडी में सबसे अधिक मैपिंग पूरी हो चुकी है। बता दे, निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में जागरूकता अभियान को और तेज किया जाएगा ताकि सभी पात्र मतदाताओं की मैपिंग समय पर पूरी की जा सके और वोटर लिस्ट को त्रुटिरहित बनाया जा सके।


