Jharkhand News: झारखंड के खूंटी में प्रेमी जोड़े की हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Jharkhand News: खूंटी में प्रेमी जोड़े की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, हथियार बरामद।

Newstrack Network
Published on: 28 May 2026 8:31 AM IST
Jharkhand News: झारखंड के खूंटी में प्रेमी जोड़े की हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
X

Jharkhand News 

खूंटी, 27 मई (आईएएनएस)। झारखंड के खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र में छऊ नृत्य मेला देखने गए एक प्रेमी जोड़े की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, आपसी रंजिश और शक के चलते इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। मामले में मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी के अलावा शव छिपाने में मदद करने वाले गोमेया सोय और बुधराम सोय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

खूंटी के एसपी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी, खून से सनी मिट्टी, कपड़े और चप्पल भी बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि सुम्बर सिंह मानकी की शादी कुछ समय पहले हुई थी। शादी के बाद वह काम के सिलसिले में दूसरे राज्य चला गया था।

जाने से पहले उसने अपने करीबी दोस्त विशु पाहन को अपनी पत्नी की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसी दौरान उसकी पत्नी की दोस्ती किसी अन्य युवक से हो गई। जब सुम्बर वापस लौटा तो उसे इस बात की जानकारी मिली।पुलिस के अनुसार, वह अपनी पत्नी से ज्यादा अपने दोस्त विशु पाहन से नाराज था। उसे शक था कि विशु ने भरोसा तोड़ा और उसे इस बारे में जानकारी नहीं दी। इसी बात को लेकर वह बदले की भावना पाल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 17 मई की रात सायको में छऊ नृत्य का कार्यक्रम चल रहा था। विशु पाहन अपनी पूर्व प्रेमिका सुमी मुंडू के साथ मेला देखने पहुंचा था। इसी दौरान सुम्बर ने मेला स्थल से कुछ दूरी पर विशु पर टांगी से हमला कर दिया। जब सुमी मुंडू ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी सुम्बर सिंह मानकी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से गांव के ही दो साथियों गोमेया सोय और बुधराम सोय को मौके पर बुलाया। तीनों ने मिलकर दोनों के शवों को मारंगबुरू पहाड़ की दुर्गम झाड़ियों में ले जाकर छिपा दिया और फरार हो गए। अगले दिन पुलिस ने शव बरामद किए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

--एजेंसी

एसएनसी/डीकेपी

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story