Jharkhand News: झारखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हजारीबाग से 77 आरोपी दबोचे गए

Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग में पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर 24 घंटे में 77 अपराधियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया। हत्या, चोरी, रंगदारी समेत कई मामलों में फरार आरोपियों पर यह बड़ी कार्रवाई की गई।

Newstrack/IANS
Published on: 22 May 2026 5:20 PM IST
Jharkhand News
X

Jharkhand News

Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले पुलिस ने जिले में अपराध और फरार वारंटियों के खिलाफ बड़े स्तर पर विशेष छापेमारी अभियान चलाकर 24 घंटे के दौरान 77 अपराधियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में एक साथ चलाया गया। पुलिस के अनुसार विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए सभी अनुमंडलों में विशेष टीमें गठित की गई थीं।

अभियान में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में कुल 30 टीमों को लगाया गया था। इन टीमों में करीब 150 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जिलेभर में अपराधियों के लगभग 100 संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

अभियान में हत्या, मारपीट, चोरी, रंगदारी और अन्य मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है और संबंधित मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों की गिरफ्तारी से जिले में घटित कई आपराधिक वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाए जाएंगे। हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी इलाके में कोई अपराधी छिपकर रह रहा हो या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दी जाए। सूचना देने वाले लोगों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey

Next Story