TRENDING TAGS :
हेमंत सोरेन का अचानक कसमार दौरा, ग्रामीणों संग खाई पकौड़ी; सेवाती घाटी पर भी नजर
Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अचानक कसमार पहुंचे। पत्नी कल्पना सोरेन के साथ ग्रामीणों संग चाय-पकौड़ी का आनंद लिया और सेवाती घाटी का जायजा लिया।
Jharkhand News: कसमार में मंगलवार सुबह उस वक्त लोगों की उत्सुकता बढ़ गई, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अचानक अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पहुंच गए। न कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम, न ही औपचारिक दौरे की तैयारी। मुख्यमंत्री का काफिला पहले सड़क निर्माण का जायजा लेते हुए कसमार पहुंचा और फिर एक छोटी-सी चाय-पकौड़ी की दुकान पर रुक गया। इसके बाद उनका सेवाती घाटी पहुंचना भी चर्चा में रहा, जहां विकास की नई उम्मीदें जगी हैं।
ग्रामीणों संग मुख्यमंत्री ने लिया चाय-पकौड़ी का आनंद
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा से निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा सड़क का जायजा लेते हुए कसमार पहुंचे थे। उनका कोई पूर्व निर्धारित आधिकारिक कार्यक्रम नहीं था। कसमार पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन तीनकोनिया चौक स्थित कुणाल जायसवाल की चाय-पकौड़ी की दुकान पर पहुंचे।
दोनों करीब 10 मिनट तक दुकान पर रुके। इस दौरान उन्होंने पकौड़ी खाई और वहां मौजूद ग्रामीणों को भी पकौड़ी खिलाई। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन को अपने बीच देखकर स्थानीय लोग उत्साहित नजर आए। ग्रामीणों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनका यह कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि वह घूमने के उद्देश्य से कसमार आए थे। उनका सहज और अनौपचारिक अंदाज स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
सेवाती घाटी के विकास की जगी उम्मीद
जानकारी के मुताबि, कसमार से लौटते समय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सेवाती घाटी भी पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के पहुंचने की सूचना मिलने पर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान सेवाती घाटी के विकास को लेकर चर्चा हुई।
प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध सेवाती घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग लंबे समय से उठती रही है। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद स्थानीय लोगों को एक बार फिर इस क्षेत्र के विकास की उम्मीद जगी है। हालांकि, घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर सरकार की ओर से किसी आधिकारिक घोषणा की जानकारी नहीं मिली है।
पर्यटन से बढ़ सकते हैं रोजगार के अवसर
यदि सेवाती घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाता है, तो इससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस दौरान झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम, विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम, प्रखंड सचिव सोहेल अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


