झारखंड के सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! आज कैबिनेट में DA बढ़ोतरी पर लग सकती है मुहर

DA Hike Jharkhand: झारखंड में हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज कैबिनेट बैठक होगी। सरकारी कर्मचारियों के DA में 3% बढ़ोतरी, चार जगह कॉलेज निर्माण और सड़क परियोजनाओं समेत दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है।

Shalni Kumari
Published on: 18 Nov 2026 10:58 AM IST
Jharkhand Cabinet Meeting
X

Jharkhand Cabinet Meeting

DA Hike Jharkhand: झारखंड में सरकारी कर्मचारियों से लेकर विकास परियोजनाओं तक, बुधवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में दोपहर 3 बजे प्रोजेक्ट भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। इसमें दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद मंजूरी मिलने की संभावना है। बैठक में राज्यकर्मियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी, नए कॉलेजों के निर्माण और सड़क परियोजनाओं से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल हो सकते हैं।

राज्यकर्मियों के DA में बढ़ोतरी का प्रस्ताव

कैबिनेट बैठक में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में करीब 3 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव पेश किए जाने की संभावना है। अगर सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तो राज्य के कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। इस फैसले से कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा हो सकता है और बढ़ती महंगाई के बीच उन्हें कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

चार जगहों पर कॉलेज निर्माण के लिए मिल सकती है मंजूरी

राज्य में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर भी कैबिनेट में महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने आ सकते हैं। पलामू समेत चार स्थानों पर कॉलेजों के निर्माण के लिए राशि आवंटित करने का प्रस्ताव बैठक में रखा जा सकता है। इसके तहत नए महाविद्यालयों के निर्माण और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सरकार कदम बढ़ा सकती है।

पांच से अधिक सड़क परियोजनाओं पर भी चर्चा

कैबिनेट के एजेंडे में सड़क निर्माण से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल होने की संभावना है। राज्य में पांच से अधिक सड़कों के निर्माण और विकास के लिए प्रस्ताव मंत्रिपरिषद के सामने रखे जा सकते हैं। इन परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर अलग-अलग क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर करने और कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

वाणिज्यकर विभाग के प्रस्तावों पर भी लगेगी मुहर?

वाणिज्यकर विभाग की ओर से न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में करीब चार प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इन प्रस्तावों को भी कैबिनेट की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। इसके साथ ही कोर्ट से जुड़े अन्य मामलों पर भी सरकार निर्णय ले सकती है।

बुधवार की बैठक में कई विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। ऐसे में कर्मचारियों के डीए से लेकर कॉलेज और सड़क निर्माण तक, कैबिनेट के फैसलों पर राज्य के अलग-अलग वर्गों की नजर रहेगी। हालांकि, प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story