Jharkhand News : सीएम हेमंत सोरेन ने जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की, लोगों से की अपील

Jharkhand News : सीएम हेमंत सोरेन ने जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना पूरी की, लोगों से डिजिटल प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की

Newstrack Network
Published on: 2 May 2026 8:26 AM IST
Jharkhand  News : सीएम हेमंत सोरेन ने जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की, लोगों से की अपील
X

Jharkhand CM Hemant Soren

रांची, 1 मई (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में जनगणना-2027 के तहत 'स्व-गणना' की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।इस अवसर पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।मुख्यमंत्री ने इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद समस्त झारखंड वासियों से अपील की कि वे जनगणना-2027 के इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी महती जिम्मेदारी को समझें और इसमें सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें।

जनगणना कार्य निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण करने की तकनीकी और विस्तृत प्रक्रिया की जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 1 मई से 15 मई तक स्व-गणना का कार्य डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। इसके उपरांत, 16 मई से 14 जून तक पूरे राज्य में मकान सूचीकरण और मकान गणना का भौतिक कार्य किया जाएगा। इस अभियान के दौरान प्रगणक और संबद्ध कर्मी घर-घर जाकर डेटा संग्रह करेंगे, जिसके लिए सभी जिलों में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री सोरेन ने जनगणना के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जनगणना का अर्थ सिर्फ आंकड़े जुटाना नहीं है, बल्कि यह आम जनमानस के भविष्य को सही दिशा देने का एक ठोस आधार है। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना से राज्य सरकार को अपनी कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुझाव दिया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में क्षेत्रीय भाषाओं के जानकार पदाधिकारियों और कर्मियों को विशेष रूप से शामिल किया जाए,

ताकि संवाद में कोई बाधा न आए और डेटा की सटीकता बनी रहे।उन्होंने जनगणना-2027 की तकनीकी पहल की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय कदम बताया और सभी राज्य वासियों से इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक प्रभात कुमार, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और नगर आयुक्त सुशांत गौरव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीएससी

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story