TRENDING TAGS :
दुर्गा पूजा को लेकर झारखंड विभाग अलर्ट, 58 मिनी वाटर टेंडर संभालेंगे मोर्चा
Jharkhand News: झारखंड में दुर्गा पूजा के दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट है। 58 मिनी वाटर टेंडर तैनात किए जाएंगे, जबकि पूजा पंडालों में सुरक्षा और आपात इंतजामों की समीक्षा होगी।
social media image
Jharkhand News: झारखंड में पूर्व में दुर्गा पूजा पंडालों में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए इस बार प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को 58 मिनी वाटर टेंडर उपलब्ध कराए गए हैं। जरूरत के अनुसार इन्हें अलग-अलग जिलों में तैनात किया जाएगा।
राज्य के सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बड़े वाटर टेंडर के साथ मिस्ट टेक्नोलॉजी वाले मिनी वाटर टेंडर भी पूजा पंडालों के आसपास तैनात किए जाएंगे, ताकि आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया जा सके।
जान-माल की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
दुर्गा पूजा के दौरान राज्यभर में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जानकारी के मुताबिक, डीजीपी ने सभी जिलों के एसएसपी-एसपी, रेंज डीआईजी और जोनल आईजी के साथ दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की है।
इसके अलावा दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सभी जिलों के उपायुक्तों, एसएसपी, एसपी, बिजली विभाग, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। बैठक में सामने आने वाली जरूरतों के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच
राज्य के पूजा पंडालों का संबंधित जिलों की कमेटियां भी निरीक्षण करेंगी। इस कमेटी में डीसी, एसएसपी, एसपी और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल रहेंगे। कमेटी पूजा पंडालों में सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों की समीक्षा करेगी।
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडाल तक आने-जाने के रास्ते, सीसीटीवी कैमरे, पानी और बिजली की व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की जांच की जाएगी। इसके बाद पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
बड़े शहरों में बनेंगे अस्थायी कंट्रोल रूम
पुलिस के वरीय अधिकारियों के अनुसार, पूजा पंडालों की संख्या और संभावित भीड़ को देखते हुए बड़े शहरों में अस्थायी नियंत्रण कक्ष भी बनाए जाएंगे। इन नियंत्रण कक्षों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल के साथ अग्निशमन वाहनों की तैनाती की जाएगी।
इस बार बड़े वाटर टेंडर के अलावा मिस्ट टेक्नोलॉजी से लैस मिनी वाटर टेंडर भी तैनात रहेंगे। सभी अग्निशमन केंद्रों में उपलब्ध वाहनों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया जा सके।


