TRENDING TAGS :
Jharkhand News: जयमाला हुआ, लेकिन नहीं हुए फेरे! जानिए क्यों बिना दुल्हन लौट गई बारात
Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले में शादी समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बरातियों और ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट हुई, कई लोग घायल हुए।
Jharkhand News
Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया जब आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। मारपीट इतनी बढ़ गई कि शादी की सभी रस्में अधूरी रह गईं और दूल्हा बिना दुल्हन के ही बारात वापस लेकर लौट गया। इस घटना की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।
स्टेज पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद
यह मामला गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव के बिगहा टोला का है। यहां ददई पासवान की बेटी खुशबू कुमारी की शादी पलामू जिले के पाड़ेयपुरा निवासी राजू कुमार के साथ तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से पहुंची और जयमाला की रस्म भी शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।
इसके बाद मेहमानों के मनोरंजन के लिए डीजे और आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक आर्केस्ट्रा के मंच पर चढ़ने की कोशिश करने लगे। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई।
बरातियों और ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद बरातियों और स्थानीय लोगों के बीच लाठी-डंडे और लात-घूंसे चलने लगे। शादी का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और समारोह में अफरा-तफरी मच गई। इस झड़प में दूल्हे के पिता दशरथ राम समेत कई लोग घायल हो गए।
मारपीट के दौरान कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। घायलों को तत्काल इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
शादी टूटी, बिना फेरे लौटी बारात
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि शादी की आगे की रस्में नहीं हो सकीं। बताया जा रहा है कि दूल्हा पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया और बिना फेरे लिए ही बारात वापस लौट गई। इससे दोनों परिवारों की खुशियां पलभर में मायूसी में बदल गईं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। डीजे और आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ यह विवाद अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।


