नए साल में मौज ही मौज! झारखंड के सरकारी कर्मचारियों को मिलेंगी इतनी छुट्टियां, देखें पूरी लिस्ट

Jharkhand Holidays 2027: झारखंड सरकार ने 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। सरकारी कर्मचारियों को एनआई एक्ट के तहत 23 और कार्यपालक आदेश से 18 दिन की छुट्टियां मिलेंगी। जानिए बैंक अवकाश और छुट्टियों से जुड़े नियम।

Shalni Kumari
Published on: 26 Nov 2026 9:05 AM IST
Jharkhand Holiday Calendar
X

Jharkhand Government Holiday List 2027

Jharkhand Holidays 2027: नया साल शुरू होने में अभी वक्त है, लेकिन सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टियों की प्लानिंग का मौका पहले ही आ गया है। अगर आप झारखंड में सरकारी नौकरी करते हैं और अगले साल घूमने-फिरने या परिवार के साथ वक्त बिताने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। झारखंड सरकार ने वर्ष 2027 का छुट्टी कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत सरकारी कर्मचारियों को अगले साल अलग-अलग श्रेणियों में कुल 41 दिन की छुट्टियां मिलेंगी। खास बात यह है कि इन छुट्टियों में त्योहारों के अलावा बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी के लिए भी अलग से अवकाश निर्धारित किया गया है। हालांकि, मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियों की तारीख चांद दिखने के आधार पर बदल सकती है।

2027 में सरकारी कर्मचारियों को मिलेंगी 41 दिन की छुट्टियां

झारखंड सरकार की ओर से जारी अवकाश सूची के मुताबिक, वर्ष 2027 में सरकारी कर्मचारियों को दो श्रेणियों में छुट्टियां दी गई हैं। परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट), 1881 के तहत 23 दिन का अवकाश निर्धारित किया गया है। वहीं, कार्यपालक आदेश के तहत कर्मचारियों को 18 दिन की छुट्टियां मिलेंगी। इस तरह दोनों श्रेणियों को मिलाकर अगले साल कुल 41 दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

बैंकों के लिए 1 अप्रैल को भी रहेगा अवकाश

सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में बैंकों के लिए एक अतिरिक्त छुट्टी का भी प्रावधान किया गया है। एक अप्रैल 2027 को बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी के चलते अवकाश रहेगा। यानी इस दिन बैंकिंग से जुड़े कामकाज प्रभावित रह सकते हैं। यह छुट्टी सामान्य अवकाश सूची से अलग निर्धारित की गई है।

चांद के दीदार पर तय होंगी मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियां

झारखंड सरकार ने मुस्लिम त्योहारों को लेकर भी अधिसूचना में जरूरी व्यवस्था की है। इसके तहत इन त्योहारों के लिए घोषित छुट्टियों की तारीखों में चांद दिखने के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। यानी कैलेंडर में दर्ज तारीख को अंतिम नहीं माना जाएगा और चांद के दीदार के आधार पर छुट्टी की तारीख में संशोधन संभव होगा।

सचिवालय में पांच दिन और क्षेत्रीय कार्यालयों में छह दिन काम

छुट्टियों के ऐलान के साथ सरकार ने कार्यालयों के कार्यदिवस को लेकर भी पुरानी व्यवस्था बरकरार रखी है। राज्य सचिवालय और उससे जुड़े कार्यालयों में पहले की तरह सप्ताह में पांच दिन कामकाज होगा। वहीं, क्षेत्रीय कार्यालयों में छह दिवसीय कार्य सप्ताह की व्यवस्था जारी रहेगी। सरकार ने इस नियम में किसी तरह का बदलाव नहीं किया है।

कब जारी हुई छुट्टियों की अधिसूचना?

कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने बुधवार को वर्ष 2027 के अवकाश से संबंधित अधिसूचना जारी की। संयुक्त सचिव आसिफ हसन के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के बाद राज्य के सरकारी कर्मचारियों को अगले साल की छुट्टियों की जानकारी मिल गई है। अब कर्मचारी इसी कैलेंडर के हिसाब से अपने निजी कार्यक्रम और यात्रा की योजनाएं बना सकेंगे।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story