TRENDING TAGS :
झारखंड के 11वीं-12वीं के वोकेशनल छात्रों के लिए अब 80 घंटे की इंटर्नशिप अनिवार्य, जानें नियम
Jharkhand news: झारखंड के सरकारी स्कूलों में सत्र 2026-27 से 11वीं-12वीं के वोकेशनल छात्रों के लिए 80 घंटे की इंटर्नशिप अनिवार्य होगी। जानें आखिर कौन-कौन से नियम इंटर्नशिप में जोड़े गए हैं।
social media image
Jharkhand news: पलामू समेत झारखंड के सरकारी स्कूलों में वोकेशनल शिक्षा को अधिक व्यावहारिक बनाने के लिए नया बदलाव किया गया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने निर्देश दिए हैं कि 11वीं और 12वीं के वोकेशनल छात्रों को अब व्यावहारिक प्रशिक्षण भी लेना होगा। इसके साथ ही सत्र 2026-27 से प्रत्येक विद्यार्थी के लिए कम से कम 80 घंटे की इंटर्नशिप अनिवार्य कर दी गई है। यह इंटर्नशिप ट्रेड और जॉब रोल के अनुसार विद्यार्थियों को संबंधित प्रतिष्ठानों से जोड़कर कराई जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड की सुविधा उपलब्ध होगी।
विद्यार्थी इसे अपनी सुविधा के अनुसार ग्रीष्मकालीन या शीतकालीन अवकाश में कर सकेंगे। इसके अलावा स्कूल अवधि या सप्ताहांत में भी इंटर्नशिप करने की व्यवस्था की जाएगी। इंटर्नशिप की व्यवस्था छात्र के ट्रेड से संबंधित नजदीकी सूक्ष्म, लघु, मध्यम या बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ की जाएगी। इतना ही नहीं ऑफलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर आनलाइन इंटर्नशिप का विकल्प दिया जाएगा।
मॉनिटरिंग और समय सीमा
वोकेशनल ट्रेनर (VT) और मॉनिटरिंग रिसोर्स पर्सन वीटी पोर्टल के जरिए नियोक्ताओं का विवरण दर्ज कर विद्यार्थियों की मैपिंग करेंगे। छात्र 80 घंटे की इंटर्नशिप को अलग-अलग समयावधि में पूरी कर सकेंगे। इसके तहत रोजाना चार घंटे इंटर्नशिप करने पर 20 दिन, पांच घंटे पर 16 दिन, छह घंटे पर 14 दिन, सात घंटे पर 12 दिन और आठ घंटे प्रतिदिन करने पर 10 दिनों में इंटर्नशिप पूरी करने का प्रावधान है।
संख्या के आधार पर होगा विद्यार्थियों का आवंटन
प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या के आधार पर विद्यार्थियों का आवंटन किया जाएगा। जिस संस्थान में पांच से कम कर्मचारी होंगें, वहां दो छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप के लिए भेजा जाएगा। पांच से 10 कर्मचारी वाले संस्थान में पांच और 10 से 20 कर्मचारी वाले प्रतिष्ठान में 10 विद्यार्थियों को भेजा जाएगा। कर्मचारियों की संख्या अधिक होने पर उसी अनुपात में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।


