Jharkhand Weather: झारखंड में मानसून की एंट्री, कई जिलों में आंधी-तूफान-भारी वर्षा को लेकर बड़ी चेतावनी

Jharkhand Monsoon: मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक से दो दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा।

Priya Singh Bisen
Published on: 13 Jun 2026 2:07 PM IST (Updated on: 13 Jun 2026 2:07 PM IST)
Jharkhand Weather
X

Jharkhand Weather

Jharkhand Monsoon: झारखंड में मानसून ने संताल परगना के रास्ते औपचारिक रूप से प्रवेश कर लिया है। राज्य के पाकुड़िया समेत संताल क्षेत्र के कई हिस्सों में इसका प्रभाव देखने को मिला है, जहां आसमान में काले घने बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदा-बांदी भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक से दो दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार झारखंड में मानसून ने पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5 दिन पहले दस्तक दी है। पिछले साल मानसून 17 जून को राज्य में पहुंचा था। इस बार इसके समय पर पहुंचने को मौसम विभाग ने सकारात्मक संकेत माना है।

कई मौसमीय सिस्टम एक्टिव

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस वक़्त कई अनुकूल मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम राजस्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक निम्न दबाव की ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल तक प्रभाव डाल रही है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून भी बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों तक फैल चुका है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो से तीन दिनों में मानसून बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के शेष क्षेत्रों में भी सक्रिय हो सकता है।

इन जिलों में भारी वर्षा और आंधी का अलर्ट

झारखंड के कई जिलों में शनिवार को तेज वर्षा, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। संताल परगना के दुमका, जामताड़ा, देवघर, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज के साथ-साथ गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ में Orange Alert जारी किया गया है।

वहीं राज्य के शेष जिलों जैसे रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा और खूंटी में Yellow Alert जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

बीते दिनों कई जगहों पर हुई वर्षा

राज्य में बीते दो दिनों के दौरान कई स्थानों पर अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में सबसे अधिक 92.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रांची में 40.6 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम में 27.6 मिमी और चांडिल (जमशेदपुर) में 10.2 मिमी वर्षा हुई। बोकारो और अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

वक़्त पर पहुंचा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 10-12 जून के बीच होती है। इस बार मानसून वक़्त पर पहुंचा है, जिसे कृषि और जल संसाधनों के लिए सकारात्मक माना जा रहा है। बीते सालों के आंकड़ों के अनुसार, कई बार मानसून देर से पहुंचा था, जबकि कुछ सालों में यह कमजोर भी रहा।

आगे का अनुमान

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 3 दिनों तक झारखंड में मौसम सक्रिय रहेगा। अगर मौसम वक़्त में अनुकूल परिस्थितियां बनी रहती हैं, तो पूरे राज्य में मानसून पूरी तरह स्थापित हो सकता है। इससे आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

बता दे, राज्य प्रशासन ने भी मौसम को देखते हुए सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है और आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रहने के आदेश दिए हैं।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story