TRENDING TAGS :
Ramgarh Road Accident: कोयला लदे ट्रक ने बैंड पार्टी की पिकअप को मारी टक्कर, 7 लोगों मौत, एक गंभीर
Ramgarh Road Accident: झारखंड के रामगढ़ में कोयला लदे ट्रक और बैंड पार्टी की पिकअप की भीषण टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो एनएच-23 जाम कर दिया।
Image Source- Ai
टक्कर से उड़ गए पिकअप के परखच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोयला (Coal) लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार सभी लोग बैंड-ताशा पार्टी (Band Party) से जुड़े थे। हादसे के बाद उनके बैंड-बाजे और अन्य सामान सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
बिहार जा रही थी बैंड पार्टी
बताया जा रहा है कि पिकअप में कुल आठ लोग सवार थे। सभी बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े थे और रामगढ़ से मारगामरचा पहुंचे थे। वहां से उन्हें बलसगरा जाना था, जहां अपने अन्य साथियों को साथ लेकर बिहार (Bihar) में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होना था।
इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश की और पिकअप को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
वहीं इस हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ रजरप्पा थाना पुलिस और आसपास के अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों और मृतकों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल (Ramgarh Sadar Hospital) पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची (Ranchi) रेफर कर दिया गया।
सिविल सर्जन ने की सात मौतों की पुष्टि
रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने पत्रकारों को बताया कि सड़क दुर्घटना में कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से सात लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक घायल का इलाज बेहतर सुविधा के लिए रांची में कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रख दिया गया है।
रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग जाम
वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) को जाम कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास कर रहा है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।


