TRENDING TAGS :
झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का अलर्ट! तीन दिन तक होगी भारी बारिश, 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से झारखंड में गुरुवार से तीन दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका है।
Cyclone Arnab Impact: झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम बिगड़ने की आशंका है। राज्य के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के आंध्र प्रदेश तट से टकराने के बाद झारखंड में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। गुरुवार सुबह से राज्य में तीन दिनों तक भारी बारिश होने का अनुमान है। इसे देखते हुए राज्य प्रशासन ने बारिश, बाढ़ और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 अक्टूबर सुबह 8:30 बजे से अगले 24 घंटे के लिए झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। इन इलाकों में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 30 अक्टूबर तक सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, इसके बाद बारिश की रफ्तार और तेज हो सकती है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में 30 अक्टूबर की सुबह तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।
निचले इलाकों में जलभराव का खतरा
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को उन इलाकों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है, जहां भारी बारिश के दौरान पानी भरने या शहरी बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने का खतरा रहता है। प्रशासन के मुताबिक, शहर की सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। बारिश का असर खेतों में खड़ी फसलों पर भी पड़ने की आशंका है।
तेज हवाओं से कमजोर मकानों को खतरा
रांची जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण अस्थायी झोपड़ियों और कमजोर ढांचे वाली इमारतों को नुकसान पहुंच सकता है। बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने अधिकारियों को हालात पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।


