झारखंड में ठंड के बीच आसमान से बरसेगी आफत! 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में बिगड़ेगा मौसम

Jharkhand Weather Update: झारखंड में ठंड का असर बढ़ने के साथ अगले तीन दिनों तक भारी बारिश और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। रांची समेत कई जिलों में तापमान गिरा है। जानिए किन जिलों में बारिश होगी।

Shalni Kumari
Published on: 19 Nov 2026 8:52 AM IST
Jharkhand Rain Alert
X

Jharkhand Weather News

Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सुबह और रात के वक्त बढ़ती ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि राज्य में ठंड का असर बढ़ने के साथ ही मौसम विभाग ने बारिश और घने कोहरे को लेकर भी चेतावनी जारी कर दी है। यानी आने वाले तीन दिन झारखंड के लोगों के लिए मौसम के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव भरे रहने वाले हैं। राजधानी रांची में महज 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। वहीं, कई अन्य जिलों में भी रात का पारा तेजी से नीचे आया है।

रांची समेत कई शहरों में तेजी से गिरा पारा

पिछले 24 घंटे के मौसम आंकड़ों पर नजर डालें तो राजधानी रांची में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला है। यहां अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

रांची के अलावा राज्य के दूसरे प्रमुख शहरों में भी रात का तापमान नीचे आया है। मेदिनीनगर में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री, बोकारो में 2.9 डिग्री और चाईबासा में 2.8 डिग्री सेल्सियस गिर गया। वहीं, जमशेदपुर में भी न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है।

चढ़ सकता है तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, अगले दो दिनों तक राज्य में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है। हालांकि, इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 22 और 23 नवंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने का अनुमान है।

19 से 21 नवंबर तक इन जिलों में बारिश और कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने 19 से 21 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कोहरा, बादल और भारी बारिश की संभावना जताई है। 19 नवंबर को रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। दिन चढ़ने के साथ आसमान में बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

वहीं, 20 नवंबर को मौसम का मिजाज और बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश की आशंका जताई है।

इसके बाद 21 नवंबर को बारिश का दायरा संथाल परगना और कोयलांचल के जिलों तक पहुंच सकता है। इस दिन गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य के बाकी जिलों में सुबह कोहरा और दिन के समय बादल छाए रह सकते हैं।

ऐसे में झारखंड में अगले तीन दिनों तक लोगों को ठंड के साथ बारिश और कोहरे का भी सामना करना पड़ सकता है। सुबह और रात में बाहर निकलने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story