Jharkhand Weather: बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड, डैम हुए लबालब; दुर्गापूजा में वर्षा होगी या खिली धूप?

Jharkhand Weather: 12 सितंबर की दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और 13 सितंबर से कई जगहों पर धूप खिलने की संभावना है।

Priya Singh Bisen
Published on: 12 Sept 2026 11:06 AM IST
Jharkhand Weather
X

Jharkhand Weather

Jharkhand Weather: झारखंड में मानसून इस समय पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। राजधानी रांची समेत खूंटी, सरायकेला-खरसावां और राज्य के कई अन्य जिलों में शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 12 सितंबर की दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और 13 सितंबर से कई जगहों पर धूप खिलने की संभावना है।

रांची में 1000 मिमी के पार पहुंची मानसूनी बारिश

रांची में इस मानसून सीजन अब तक बारिश का आंकड़ा 1000 मिमी को पार कर चुका है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार 1 जून से 11 सितंबर तक राजधानी में कुल 1043 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 910.1 मिमी रहता है। यानी रांची में सामान्य से करीब 15 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक रांची में 6.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। झारखंड के 24 जिलों में राजधानी उन जिलों में शामिल है जहां मानसून की बारिश सामान्य से ज्यादा रही है।

सितंबर में 11 दिन में 66 फीसदी बारिश पूरी

सितंबर में भी बारिश का सिलसिला तेजी से आगे बढ़ रहा है। पूरे महीने में सामान्य तौर पर करीब 212 मिमी बारिश होती है। लेकिन 11 सितंबर तक ही लगभग 141 मिमी बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। इस तरह सितंबर की सामान्य बारिश का करीब 66 फीसदी कोटा महज 11 दिनों में पूरा हो गया है।

अब महीने का सामान्य आंकड़ा पूरा करने के लिए करीब 71 मिमी बारिश और चाहिए। 17 सितंबर तक बारिश की संभावना को देखते हुए यह आंकड़ा भी पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बढ़ी बारिश

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम मध्य हिस्से और दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश तट के पास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून टर्फ के प्रभाव से झारखंड में पर्याप्त नमी पहुंच रही है। यही वजह है कि राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना हुआ है।

हालांकि, साइक्लोनिक सर्कुलेशन के ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने के कारण 12 सितंबर की दोपहर के बाद बारिश में कमी आने की संभावना है।

तापमान बढ़ेगा, लेकिन बारिश से राहत भी जारी

अगले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 20 सितंबर तक कई इलाकों में आंशिक बादल और बीच-बीच में हल्की बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।

डैम हुए लबालब, गर्मी में नहीं होगी पानी की परेशानी

लगातार हुई बारिश का फायदा रांची के जलाशयों को भी मिला है। गोंदा डैम का जलस्तर 27 फीट तक पहुंच गया है, जबकि इसकी कुल क्षमता 28 फीट है। वहीं गेतलसूद डैम का जलस्तर भी 32 फीट तक पहुंच चुका है। जलाशयों में पर्याप्त पानी होने से अगले साल गर्मी के मौसम में राजधानी में पानी की किल्लत कम होने की उम्मीद है।

दुर्गापूजा में बारिश का खलल कम होने की उम्मीद

झारखंड से मानसून की विदाई 10 से 12 अक्टूबर के आसपास होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में दशहरा और दुर्गापूजा के दौरान भारी बारिश के कारण कार्यक्रमों में बड़े व्यवधान की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है।

वहीं, अलनीनो का प्रभाव नवंबर और दिसंबर तक रहने की संभावना है। इसके चलते इस बार ठंड का असर अपेक्षाकृत कम रह सकता है। हालांकि इसके बाद आने वाले समय में गर्मी ज्यादा पड़ने की संभावना जताई गई है। मानसून के पूरे सीजन में झारखंड में बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम दर्ज हुई है।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.comPriyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a journalist with over five years of experience in the news and digital media industry. She covers a wide range of topics, including weather, lifestyle, health, politics, and international affairs. In addition to news writing, Priya has experience in news script writing, voice-overs, anchoring, field reporting, and social media management. She holds a Bachelor's degree in Mass Communication and a Master's degree in Advertising and Public Relations. Priya also enjoys writing, traveling, and playing sports, pursuits that reflect her curiosity and passion for exploring new perspectives.

Next Story