किताबों की उम्र में झेलती रहीं प्रताड़ना, पलामू में 4 मासूम बच्चियों की दर्दनाक कहानी कर देगी भावुक

Jharkhand News: झारखंड के पलामू में चार नाबालिग बच्चियों से जुड़ा मामला सामने आया है। पांच साल से एक घर में रह रहीं इन मासूमों के साथ आखिर क्या होता रहा? दो बच्चियों की हिम्मत से खुला राज।

Kumud Gupta
Published on: 10 Nov 2026 7:51 PM IST (Updated on: 10 Nov 2026 7:55 PM IST)
किताबों की उम्र में झेलती रहीं प्रताड़ना, पलामू में 4 मासूम बच्चियों की दर्दनाक कहानी कर देगी भावुक
X

Jharkhand News: पांच साल तक घर की चारदीवारी के भीतर क्या कुछ होता रहा, इसकी कहानी दो बच्चियों के घर से बाहर निकलने के बाद सामने आई। झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर का यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े करता है। शहर थाना क्षेत्र के श्रीराम पथ स्थित एक घर में रह रही चार नाबालिग बच्चियों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) और शहर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर मुक्त कराया है। चारों बच्चियां आदिम जनजाति परिवार से आती हैं। आरोप है कि उन्हें लंबे समय से घरेलू कामकाज के लिए रखा गया था और इस दौरान उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट की जाती थी।

पांच साल से कराया जा रहा था काम

जानकारी के अनुसार, पुष्पा कर्ण (पति दिलीप कुमार) के घर में चारों बच्चियां लंबे समय से काम कर रही थीं। इनमें से दो बच्चियां पिछले पांच वर्षों से, जबकि अन्य दो बच्चियां करीब एक वर्ष से वहां रहकर काम कर रही थीं। आरोप है कि पांच साल से काम कर रही बच्चियों से सुबह 6:30 बजे से रात 11 बजे तक काम कराया जाता था। वहीं, एक साल से काम कर रही दोनों बच्चियों को सुबह 6:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक काम करना पड़ता था।

आरोपों के मुताबिक, काम के दौरान बच्चियों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। इतना ही नहीं, भोजन मांगने पर उनके साथ मारपीट भी की जाती थी। लंबे समय तक कथित प्रताड़ना झेल रहीं बच्चियों की स्थिति ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

दो बच्चियों की हिम्मत से सामने आई प्रताड़ना की कहानी

मंगलवार सुबह आखिरकार एक वर्ष से काम कर रही दोनों बच्चियों ने हिम्मत जुटाई और उस घर की चारदीवारी से बाहर निकलने का साहस दिखाया, जहां वे लंबे समय से काम कर रही थीं। किसी तरह पास के एक घर तक पहुंचीं और वहां मौजूद व्यक्ति को अपने साथ हो रही प्रताड़ना की पूरी कहानी सुनाई। लंबे समय से सहन की जा रही तकलीफ को बयां करते हुए बच्चियों ने मदद की गुहार लगाई। उनकी आपबीती सुनकर व्यक्ति ने मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति को दी। इस तरह दो बच्चियों की हिम्मत ने न सिर्फ उनके लिए, बल्कि वहां रह रही अन्य दो बच्चियों के लिए भी मदद का रास्ता खोल दिया।

सूचना मिलते ही सीडब्ल्यूसी की टीम ने शहर थाना पुलिस के सहयोग से संबंधित घर में संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान चारों बच्चियों को वहां से मुक्त कराया गया। बच्चियों के बयान दर्ज करने के बाद उन्हें सखी वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है।

जांच के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी

पूरे मामले की जांच प्रिंसिपल प्रोबेशनरी अधिकारियों को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन शैलेंद्रनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि चारों बच्चियों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

फिलहाल बच्चियों के सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, उन्हें स्कूल में नामांकित कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, ताकि वे दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

Kumud Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Kumud Gupta

Mail ID - gkumud27@gmail.com Content Writergkumud27@gmail.com

I am currently pursuing a Bachelor of Journalism and Mass Communication (BJMC) and am a 5th Semester student at KITM Group of Institutions, Khatima, Uttarakhand. I have a strong interest in content writing, particularly on crime, politics, social issues, and history.

Next Story