TRENDING TAGS :
Jharkhand: सब्जी खरीदकर लौट रहा था युवक, 12 घंटे बाद वेंटिलेटर से निकलकर बचाई जान; जानें पूरा मामला
Jharkhand News: रांची के रातू में युवक को 12 घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप है। मौत के डर के बीच युवक ने वेंटिलेटर से भागकर अपनी जान बचाई।
social media image
Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित तौर पर ऐसी वारदात हुई, जिसमें उसे अपनी जान बचाने के लिए वेंटिलेटर का सहारा लेना पड़ा। कमड़े चौक से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे 29 वर्षीय लक्ष्मण गोप ने तीन लोगों पर बहाने से अगवा कर करीब 12 घंटे तक बंधक बनाने और बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सब्जी खरीदकर लौटते समय बहाने से घर ले गए आरोपी
लक्ष्मण गोप, पिता स्वर्गीय कालू गोप, दुर्गा कॉलोनी (रवि स्टील, कमड़े) का निवासी है। पुलिस को दिए आवेदन में उसने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह कमड़े चौक से सब्जी खरीदने गया था। सुबह करीब 11 बजे घर लौटते समय शत्रुधन सिंह, उसके भगिना छोटू सिंह और प्रकाश गिरी उसे बहाने से अपने घर ले गए।
पीड़ित के अनुसार, घर पहुंचते ही तीनों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद बेल्ट, रसोई गैस के रबर पाइप और बांस के डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि उसे करीब 12 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा गया, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
हत्या कर सेप्टिक टैंक में शव डालने की कही बात
लक्ष्मण ने आरोप लगाया कि पिटाई के दौरान आरोपी आपस में उसकी हत्या करने और शव को लैट्रिन की टंकी में डालकर ठिकाने लगाने की बात कर रहे थे। आरोपियों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए और साक्ष्य मिटाने के इरादे से उन्हें जला दिया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसका मोबाइल फोन, चांदी का ब्रेसलेट और जेब में रखे 550 रुपये छीन लिए गए। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
आरोपियों के सोते ही वेंटिलेटर से भागा युवक
लक्ष्मण के मुताबिक, देर रात आरोपी उसे दूसरे कमरे में बंद कर सोने चले गए। इसी दौरान उसे वहां से निकलने का मौका मिल गया। उसने कमरे में रखी ईंटों को एक-दूसरे के ऊपर रखकर वेंटिलेटर तक पहुंचने का रास्ता बनाया और रोशनदान से बाहर निकल गया। इस तरह वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा।
परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे आरोपियों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर खतरा है। उसने आरोपियों को गिरफ्तार करने और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
मामले में रातू थाना पुलिस ने शत्रुधन सिंह, छोटू सिंह और प्रकाश गिरी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।


