विधानसभा में गरजीं कल्पना सोरेन, केंद्र को दो टूक- झारखंड कोई उपनिवेश नहीं, साझेदार है

Kalpana Soren: झारखंड विधानसभा में कल्पना सोरेन ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2026 का विरोध किया। उन्होंने दावा किया कि नए कानून से अगले 10 वर्षों में राज्य को 1.56 लाख करोड़ रुपये के संभावित राजस्व का नुकसान हो सकता है। जानिए उन्होंने केंद्र सरकार पर क्या आरोप लगाए।

Shalni Kumari
Published on: 26 Nov 2026 12:25 PM IST
MMDR Amendment Act 2026
X

Kalpana Soren

Kalpana Soren: झारखंड की जमीन से निकलने वाले खनिजों पर हक किसका होगा और उनसे होने वाली कमाई में राज्य की हिस्सेदारी कितनी होगी? विधानसभा में यह सवाल अब केंद्र और राज्य के बीच अधिकारों की बड़ी लड़ाई बनता नजर आ रहा है। झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ सदन में तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने केंद्र सरकार को दो टूक कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जहां से सिर्फ खनिज संपदा निकालकर ले जाया जाए। कल्पना सोरेन ने दावा किया कि नए कानून से अगले 10 वर्षों में राज्य को संभावित तौर पर 1.56 लाख करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जमीन, जंगल और विस्थापन की कीमत झारखंड के लोग चुकाते हैं, तो खनिजों से पैदा होने वाली समृद्धि में उनका हिस्सा क्यों सीमित किया जा रहा है?

10 साल में 1.56 लाख करोड़ के नुकसान का दावा

विधानसभा में राजकीय संकल्प के समर्थन में बोलते हुए कल्पना सोरेन ने खनिज राजस्व से जुड़े आंकड़े पेश किए। उन्होंने कहा कि झारखंड को अगले 10 वर्षों में खनिज संपदा से करीब 2.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित राजस्व मिल सकता था। लेकिन एमएमडीआर संशोधन अधिनियम लागू होने के बाद यह राशि घटकर लगभग एक लाख करोड़ रुपये रह जाने का अनुमान है। उनके मुताबिक, इससे राज्य को करीब 1.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित नुकसान होगा, जो कुल अनुमानित राजस्व का लगभग 61 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि मौजूदा राज्य सरकार के कार्यकाल में खनिज राजस्व में 285 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार इन संसाधनों से मिलने वाली आय का इस्तेमाल आम लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने और राज्य के विकास में करना चाहती है। कल्पना सोरेन ने कहा कि राजस्व में इतनी बड़ी कमी का असर केवल सरकारी खजाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विकास योजनाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी पड़ेगा।

'जमीन हमारी जाती है, जंगल हमारे कटते हैं'

खनन से होने वाले नुकसान का मुद्दा उठाते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि खनिज देश के किसी भी हिस्से में इस्तेमाल हों, लेकिन उनके उत्खनन का सबसे ज्यादा असर उसी क्षेत्र के लोगों पर पड़ता है, जहां से उन्हें निकाला जाता है। उन्होंने कहा कि जमीन झारखंड की जाती है, जंगल यहां के कटते हैं और बीमारी से लेकर विस्थापन तक की मार भी स्थानीय लोगों को झेलनी पड़ती है।

उन्होंने सदन को बताया कि कोयला कंपनियों के पास दो लाख एकड़ से अधिक जमीन है। उनके मुताबिक, इन जमीनों से जुड़े लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाना चाहिए। साथ ही यह भी चर्चा होनी चाहिए कि खनन से होने वाला फायदा किसे मिल रहा है और इसकी कीमत स्थानीय समुदाय किस रूप में चुका रहे हैं।

कल्पना सोरेन ने सवाल उठाया कि अगर राज्य सरकार खनन से प्रभावित लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए संसाधन जुटाना चाहती है, तो केंद्र को इससे परेशानी क्यों होनी चाहिए?

'झारखंड भीख में नहीं मिला, संघर्ष का इतिहास है'

कल्पना सोरेन ने अपने संबोधन में झारखंड आंदोलन और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई से जुड़ी है। झारखंड किसी को भीख में नहीं मिला, बल्कि इसके गठन के पीछे लंबा संघर्ष और पूर्वजों का बलिदान रहा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा के उद्देश्य से हुआ था। यह लड़ाई केवल राजनीतिक स्वतंत्रता की नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ भी थी, जिसमें स्थानीय लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखा जाता था।

केंद्र पर राज्यों के अधिकार सीमित करने का आरोप

झामुमो विधायक ने आरोप लगाया कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के जरिए केंद्र सरकार खनिज अधिकारों के साथ राज्यों के कर और उपकर लगाने के अधिकारों को भी सीमित कर रही है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से राज्यों को मिली शक्तियों पर नए कानून के जरिए अंकुश लगाया जा रहा है।

कल्पना सोरेन ने यह भी सवाल उठाया कि कानून बनाने से पहले राज्यों से पर्याप्त परामर्श क्यों नहीं किया गया। खनिज उत्पादक राज्यों की आर्थिक स्थिति पर इसके संभावित असर का आकलन भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड केंद्र सरकार का साझीदार है, लेकिन साझेदारी का मतलब यह नहीं हो सकता कि राज्य के वित्तीय अधिकार कम करके उसे कमजोर कर दिया जाए।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story