Jharkhand Crime News: रांची हत्याकांड का खुलासा: अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, तीन गिरफ्तार

Jharkhand Crime News: रांची में युवक की हत्या मामले में पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की साजिश का खुलासा किया।

Newstrack Network
Published on: 7 May 2026 8:09 AM IST
Jharkhand Crime  News: रांची हत्याकांड का खुलासा: अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, तीन गिरफ्तार
X

Ranchi Kamlesh Kumar murder Case

रांची, 6 मई (आईएएनएस)। रांची पुलिस ने टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में कमलेश कुमार नामक युवक की नृशंस हत्या के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों में शिवनाथ कुमार सिंह (33), उसकी पत्नी अंगिता देवी (28) और साहिल राजा (19) शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक कमलेश कुमार का अंगिता देवी के साथ कथित अवैध संबंध था, जिसे लेकर शिवनाथ कुमार सिंह ने हत्या की योजना बनाई। इस साजिश में साहिल राजा ने भी सहयोग किया।

पुलिस के मुताबिक, कमलेश कुमार की हत्या अनगड़ा थाना क्षेत्र के जानुम हाहे स्थित एक घर में की गई थी। हत्या के बाद शव को हाईवा ट्रक में लादकर टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र के मानकीडीपा रिंग रोड के पास लाया गया। वहां शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया और दुर्घटना का रूप देने के लिए ट्रक का अगला पहिया शव पर चढ़ा दिया गया, ताकि मामला सड़क हादसे जैसा प्रतीत हो। हालांकि, पुलिस की जांच में यह हत्या का मामला साबित हुआ।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक हाईवा ट्रक, एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस वारदात की जांच के लए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम का नेतृत्व सीनियर डीएसपी (मुख्यालय) प्रथम अमर कुमार पांडेय कर रहे थे।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, विशेषकर मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस संबंध में टाटीसिल्वे थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में टाटीसिल्वे थाना प्रभारी हंसे उरांव, नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीएससी

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story