TRENDING TAGS :
Bhojshala Controversy: भोजशाला को लेकर हाई अलर्ट, भारी पुलिस बल की तैनाती से सुरक्षा बढ़ाई गई
Bhojshala Controversy: मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले के बाद भोजशाला परिसर में पहली बार शुक्रवार को नमाज नहीं होगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 1800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
Bhojshala
Bhojshala Controversy: मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले के बाद भोजशाला में शुक्रवार को पहली बार नमाज अदा नहीं होगी। मां वाग्देवी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज रहा है। पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपी सचिन शर्मा ने घुड़सवार पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर भोजशाला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
एसपी सचिन शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। एसपी ने कहा कि धार जिले में उच्च न्यायालय के आदेशों और निर्देशों के अनुपालन में लगभग 1800 से ज्यादा पुलिस बलों की तैनाती की गई है।
एसपी ने कहा कि मैं सभी नागरिकों, धार्मिक नेताओं और मीडिया के सदस्यों से अपील करता हूं कि वे शांति बनाए रखें और सभी के साथ सहयोग करें। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने सभी से बातचीत की है। उच्च न्यायालय के आदेश की प्रतियां सभी को उपलब्ध करा दी गई हैं। हम लोग सुनिश्चित करेंगे कि आदेश का अक्षरशः पालन हो। भोजशाला में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़े। प्रशासन हाई अलर्ट पर है, और परिसर तथा आसपास के इलाकों की निगरानी के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और डॉग स्क्वॉड तैनात रहे।
धार के कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने 21 मई को कहा था कि जिले में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न माध्यमों से अपील की गई है, और इसी प्रतिबद्धता की भावना के साथ, सभी समुदायों से अपील करते हुए एक 'फुट फ्लैग मार्च' निकाला गया। शांति व्यवस्था बनी रहने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। कलेक्टर ने कहा था कि विभिन्न माध्यमों से अपील की जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर भी हमारी कड़ी नजर है। अगर इस तरह से मामले संज्ञान में आएंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


