सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले आदमपुर खंती में आग, 5 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार

Adampur Khanti Fire : भोपाल के आदमपुर कचरा खंती स्थित प्लास्टिक रीसाइक्लिंग प्लांट में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि 5 किलोमीटर दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।

Sawan Gupta
Published on: 16 Nov 2026 1:52 PM IST
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

Adampur Khanti Fire: भोपाल के आदमपुर स्थित कचरा खंती में सोमवार सुबह एक बार फिर आग लगने से हड़कंप मच गया। इस बार आग नगर निगम की वेस्ट प्रोसेसिंग साइट पर बने प्लास्टिक रीसाइक्लिंग प्लांट में लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। वहीं, इससे निकला धुएं का घना गुबार लगभग 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। खंती के फायर स्टेशन के अलावा आसपास के फायर स्टेशनों से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इस साल चौथी बार लगी आग

आदमपुर खंती में आग लगने की यह इस साल की चौथी घटना बताई जा रही है। यहां पहले भी आगजनी की घटनाएं सामने आती रही हैं। बार-बार आग लगने से कचरा प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आग की घटनाओं को देखते हुए खंती में दमकल की गाड़ियां तैनात रखने की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद प्लांट में दोबारा आग लगने की घटना सामने आई है।

5 टन प्रतिदिन प्लास्टिक प्रोसेस करने की क्षमता

आदमपुर में नगर निगम की वेस्ट प्रोसेसिंग साइट पर स्थित प्लास्टिक प्लांट की क्षमता प्रतिदिन करीब 5 टन प्लास्टिक प्रोसेस करने की बताई गई है। यह प्लांट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मॉडल पर संचालित होता है। इसका संचालन टेराफॉर्म संस्था कर रही है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, प्लांट में आग अज्ञात कारणों से लगी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि आगजनी का वेस्ट प्रोसेसिंग साइट की अन्य व्यवस्थाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है।

सुप्रीम कोर्ट में 17 नवंबर को होनी है सुनवाई

आदमपुर खंती में जमा पुराने कचरे को हटाने का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले में 17 नवंबर को अगली सुनवाई होनी है। इससे ठीक एक दिन पहले प्लास्टिक रीसाइक्लिंग प्लांट में आग लगने की घटना सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, खंती को खाली करने के लिए 330 दिनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। ऐसे में सुनवाई से ठीक पहले आग लगने की घटना ने एक बार फिर कचरा निस्तारण और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान खींचा है।

आसपास के गांवों के लोगों की सेहत को लेकर चिंता

आदमपुर खंती में जमा कचरे से निकलने वाला धुआं और दुर्गंध आसपास के इलाकों के लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर भूजल और पॉल्यूशन को लेकर भी चिंता जताई जाती रही है। आग लगने के बाद उठने वाले धुएं से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की सेहत पर संभावित असर को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story