CM मोहन यादव से जुड़ेंगे 20 हजार युवा, जुबिन नौटियाल-कबीर कैफ लगाएंगे सुरों का तड़का

MP NEWS: मध्य प्रदेश CM Youth Conclave 2026 में 20 हजार से अधिक युवा शामिल होंगे। भोपाल में AI, रोबोटिक्स, ड्रोन, स्टार्टअप, रोजगार और कौशल विकास पर चर्चा होगी।

Newstrack Network
Published on: 5 Oct 2026 3:29 PM IST
CM मोहन यादव से जुड़ेंगे 20 हजार युवा, जुबिन नौटियाल-कबीर कैफ लगाएंगे सुरों का तड़का
X

social media image

MP NEWS: मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए 6 अक्टूबर का दिन खास होने वाला है। भोपाल के लाल परेड मैदान में होने वाले सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 हजार से अधिक युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। खास बात यह है कि कार्यक्रम में सिर्फ नौकरी और रोजगार की चर्चा नहीं होगी, बल्कि युवाओं को AI, रोबोटिक्स, ड्रोन, स्टार्टअप और नई तकनीकों के बढ़ते अवसरों से भी परिचित कराया जाएगा।

रोजगार और स्टार्टअप पर रहेगा फोकस

उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कॉन्क्लेव में रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार और अनुसंधान से जुड़े कई सत्र होंगे। विशेषज्ञ युवाओं को बदलते जॉब मार्केट और भविष्य में जरूरी स्किल्स के बारे में जानकारी देंगे।

युवा यह भी जान सकेंगे कि अपने आइडिया को बिजनेस में कैसे बदला जा सकता है और स्वरोजगार के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे लिया जा सकता है।

17 विभाग बताएंगे करियर के नए अवसर

कॉन्क्लेव में 17 शासकीय विभागों और विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी होगी। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, उद्योग, MSME, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, आयुष, पुलिस और साइबर सुरक्षा समेत कई विभाग युवाओं को रोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी देंगे।

मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप की ओर से भी स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और नवाचार से जुड़ी गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी।

80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्षों में दिखेगा भविष्य

कार्यक्रम में 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्ष लगाए जाएंगे। इनमें विश्वविद्यालयों, सरकारी विभागों, संस्थाओं और स्टार्टअप की ओर से रोजगार, प्रशिक्षण, अनुसंधान, करियर और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। विश्वविद्यालयों की ओर से ड्रोन तकनीक, नवाचार, अनुसंधान और आधुनिक तकनीक से जुड़े प्रोजेक्ट भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

AI और रोबोटिक्स से लेकर ड्रोन तक पर नजर

युवा कॉन्क्लेव में भविष्य की तकनीकों को खास जगह दी गई है। युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) जैसे क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण, रोजगार और रिसर्च की संभावनाओं के बारे में बताया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ नौकरी तलाशने तक सीमित रखने के बजाय उन्हें नई तकनीकों और इनोवेशन के क्षेत्र में अपने अवसर तलाशने के लिए प्रेरित करना है।

आइडिया को बिजनेस में बदलने की मिलेगी जानकारी

मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर के माध्यम से कई नवोदित उद्यम अपने उत्पाद और नए प्रयोग प्रदर्शित करेंगे। इससे युवाओं को यह समझने का मौका मिलेगा कि एक छोटे से आइडिया को उत्पाद या सेवा में बदलकर सफल कारोबार कैसे खड़ा किया जा सकता है। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य, आयुष, उद्योग, रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञ युवाओं से संवाद करेंगे।

साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर भी चर्चा

पुलिस विभाग की ओर से महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, यातायात जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग और जन-सुरक्षा से जुड़े विषयों पर युवाओं को जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को तकनीक के साथ-साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करना है।

जुबिन नौटियाल और कबीर कैफ बढ़ाएंगे रौनक

कॉन्क्लेव में युवाओं के लिए मनोरंजन का भी इंतजाम किया गया है। प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई के कबीर कैफे की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जो युवाओं के उत्साह को बढ़ाएंगी।

युवाओं को अवसर और नई दिशा देने की पहल

सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 के जरिए सरकार का लक्ष्य युवाओं को संवाद, कौशल, करियर, रोजगार और नवाचार के अवसरों से जोड़ना है। 20 हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी और 80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्षों के जरिए उन्हें बदलते रोजगार बाजार और भविष्य की तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। सरकार का जोर युवा प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा देकर विकसित मध्य प्रदेश की नींव मजबूत करने पर है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story