DJ की आवाज और मधुमक्खियों का हमला! देवास में विसर्जन जुलूस के दौरान मची भगदड़

Bee Attack in Dewas: देवास के अगेरा गांव में माता विसर्जन जुलूस के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। करीब 25 लोग घायल हुए, जबकि 13 को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Kumud Gupta
Published on: 19 Oct 2026 9:12 PM IST
DJ की आवाज और मधुमक्खियों का हमला! देवास में विसर्जन जुलूस के दौरान मची भगदड़
X

social media image

Bee Attack in Dewas: मध्य प्रदेश के देवास जिले में सोमवार को माता की मूर्तियों के विसर्जन के लिए निकला जुलूस अचानक अफरा-तफरी में बदल गया। सोनकच्छ विकासखंड के अगेरा गांव में मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना में करीब 25 लोग घायल हो गए, जिनमें से 13 को उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

13 घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

ग्रामीणों के मुताबिक, मधुमक्खियों के हमले में घायल 11 लोगों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि दो लोगों का सोनकच्छ के शासकीय सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। अन्य लोगों को भी मधुमक्खियों ने काटा, लेकिन परेशानी कम होने के कारण वे अस्पताल जाने के बजाय घर लौट गए।

सोनकच्छ के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. शैलेंद्र ओरिया ने बताया कि घायलों की स्थिति चिंताजनक नहीं है। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हो रहा है।

DJ की तेज आवाज से मधुमक्खियों के भड़कने की आशंका

ग्रामीणों के अनुसार, माता की मूर्तियों के विसर्जन के लिए निकाले गए चल समारोह में DJ बज रहा था। आशंका जताई जा रही है कि तेज आवाज के कारण पेड़ पर बने छत्ते में मौजूद मधुमक्खियां भड़क गईं और जुलूस में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। हालांकि, मधुमक्खियों के हमले की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

देवास में कुछ महीनों में मधुमक्खियों के हमले की तीसरी घटना

देवास जिले में कुछ महीनों के भीतर मधुमक्खियों के हमले की यह तीसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले बागली विकासखंड के पुंजापुरा क्षेत्र में जंगल से बकरियां चराकर लौट रहे रातातलाई निवासी बुजुर्ग शेरू पुत्र धन्नालाल मानकर पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था। इस घटना में उनकी मौत हो गई थी।

वहीं, कुछ महीने पहले विजयागंज मंडी क्षेत्र के रालामंडल गांव में निष्कलंकेश्वर महादेव मंदिर जा रही भाजपा की वाहन रैली पर भी मधुमक्खियों ने हमला किया था। उस घटना में करीब एक दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने जिले में मधुमक्खियों के हमलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Kumud Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Kumud Gupta

Mail ID - gkumud27@gmail.com Content Writergkumud27@gmail.com

I am currently pursuing a Bachelor of Journalism and Mass Communication (BJMC) and am a 5th Semester student at KITM Group of Institutions, Khatima, Uttarakhand. I have a strong interest in content writing, particularly on crime, politics, social issues, and history.

Next Story