Madhya Pradesh News: देवास में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 14 पेटी शराब और कार जब्त, आरोपी गिरफ्तार

Madhya Pradesh News: देवास पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 पेटी शराब और एक कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

Newstrack Network
Published on: 24 May 2026 8:17 AM IST
Madhya Pradesh News: देवास में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 14 पेटी शराब और कार जब्त, आरोपी गिरफ्तार
X

Dewas News

देवास, 23 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में औद्योगिक थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 पेटी शराब और एक कार जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो इंदौर से शराब लाकर देवास में सप्लाई करने की तैयारी में था। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर देवास पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने टाटा चौराहे के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध इंडिगो कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 14 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।पुलिस ने मौके से आरोपी श्याम योगी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इंदौर से शराब की खेप लाकर देवास में बेचने और सप्लाई करने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब से भरी कार भी जब्त कर ली है।

देवास सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी के पास से 14 कार्टन गैर-कानूनी शराब बरामद हुई है, जिसकी कुल कीमत करीब तीन लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह शराब कहां से लेकर आया था और किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।

सीएसपी ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किस उद्देश्य से लाई गई थी और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।फिलहाल आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story