TRENDING TAGS :
12 घंटे तक जंगल में पेड़ से बंधा रहा 10 साल का बच्चा, आरोपी के सोते ही उठाया ये कदम
Madhy Pradesh News: गुना में 10 साल के बच्चे को जंगल में पेड़ से बांधकर रखने और मारपीट का आरोप है। करीब 12 घंटे बाद बच्चा कैसे बचकर निकला? पुलिस मामले की जांच कर रही है।
social media image
Madhy Pradesh News: मध्य प्रदेश के गुना में एक 10 वर्षीय बच्चे के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक बच्चे को बहाने से टमटम पर बैठाकर जंगल में ले गया और वहां पेड़ से बांध दिया। बच्चे के साथ हुई हैवानियत की कहानी सुनकर परिजन भी दंग रह गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।आखिर उस दिन 10 साल के मासूम के साथ जंगल में क्या हुआ था और वह आरोपी के चंगुल से कैसे बचकर निकला? पुलिस इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।
स्कूल से लौटते समय बच्चे को ले गया आरोपी
जानकारी के मुताबिक, बच्चा 16 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल के लिए निकला था। परिजनों के अनुसार, वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। पता चला कि बच्चा स्कूल से समय पर घर के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में लापता हो गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
बच्चे ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रास्ते में एक युवक ने उसे बहाने से टमटम पर बैठाया और हड्डीमिल के जंगल में ले गया। वहां आरोपी ने उसे एक पेड़ से बांध दिया। बच्चे का आरोप है कि उसे करीब 12 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और इस दौरान तीन बार बुरी तरह पीटा गया।
आरोपी के सोते ही भागा बच्चा
पीड़ित बच्चे के मुताबिक, रात में आरोपी कच्ची शराब पीने के बाद सो गया। इसी दौरान बच्चे ने किसी तरह रस्सी ढीली की और खुद को बंधन से मुक्त कर लिया। इसके बाद वह वहां से भाग निकला और श्रीराम कॉलोनी में रहने वाली अपनी नानी के घर पहुंचा। बच्चे ने अपनी नानी को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कैंट थाना पुलिस के मुताबिक, बच्चे की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस पीड़ित के बयान और उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल आरोपी की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।


