कभी नमकीन तो कभी दीवार... अब कार में मिले 80 लाख, इंदौर में फिर कैसे पकड़ा गया हवाला का खेल?

Indore 80 Lakh Cash Recovery: इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में खाली मैदान में खड़ी कार से 80 लाख रुपये नकद मिले हैं। इस मामले में पुलिस ने देवास के दो युवकों को हिरासत में लिया है और हवाला कनेक्शन समेत नकदी के स्रोत की जांच कर रही है।

Shalni Kumari
Published on: 12 Nov 2026 9:59 AM IST
Indore 80 Lakh Cash Recovery
X

Indore 80 Lakh Cash Recovery

Indore 80 Lakh Cash Recovery: इंदौर में इन दिनों नकदी को ठिकाने लगाने के तरीके भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लग रहे हैं. कभी नमकीन के पैकेटों में करोड़ों रुपये छिपाकर भेजे जाते हैं, तो कभी दीवार के भीतर गुप्त तहखाना बना लिया जाता है. अब कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक कार से करीब 80 लाख रुपये मिलने का मामला सामने आया है. कार खाली मैदान में खड़ी थी और उसमें इतनी बड़ी रकम रखी हुई थी कि पुलिस भी जांच में जुट गई. पुलिस ने कार में मौजूद दो युवकों को हिरासत में लिया है, लेकिन शुरुआती पूछताछ में वे नकदी का संतोषजनक हिसाब नहीं दे सके. अब सवाल सिर्फ 80 लाख रुपये का नहीं, बल्कि यह भी है कि आखिर इतनी बड़ी रकम कहां से आई और किसके पास पहुंचाई जानी थी?

कार से मिले 80 लाख रुपये

यह मामला इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र का है. यहां एक खाली मैदान में खड़ी कार से पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. मौके से हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान तिलोक पिता भेरूलाल गामी और मनोज पिता भेरूलाल गामी के रूप में हुई है. दोनों मध्य प्रदेश के देवास जिले के बागली थाना क्षेत्र के बरखेड़ा सोमा गांव के रहने वाले हैं और खेती-किसानी करते हैं.

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर नकदी जब्त कर ली है. इसके बाद उन्हें थाने लाकर पूछताछ शुरू की गई. शुरुआती जांच में दोनों युवक इतनी बड़ी रकम के स्रोत के बारे में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पैसा किसका है, कहां से आया और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था.

मामले में हवाला कारोबार (Hawala Business) का एंगल भी खंगाला जा रहा है. हालांकि, अभी तक हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

इंदौर में पहले भी सामने आ चुके हैं हवाला के बड़े मामले

इंदौर में नकदी के संदिग्ध लेनदेन का इतिहास नया नहीं है. इससे पहले भी पुलिस और आयकर विभाग (Income Tax Department) की कार्रवाई में करोड़ों रुपये की नकदी और सोना बरामद हो चुका है. इन मामलों में रकम छिपाने और एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के अलग-अलग तरीके सामने आए थे.

नमकीन के पैकेटों के नीचे छिपाए थे 1.30 करोड़ रुपये

मई 2025 में राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बस के पार्सल से 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपये मिले थे. यह पार्सल राजरतन ट्रैवल्स की बस के जरिए मुंबई भेजा जा रहा था. नकदी को नमकीन के पैकेटों के नीचे छिपाया गया था. ट्रैवल्स कार्यालय के कर्मचारी को शक हुआ, जिसके बाद जांच में इतनी बड़ी रकम का खुलासा हुआ.

2024 में आयकर विभाग ने जब्त किए थे करोड़ों रुपये

जून 2024 में आयकर विभाग ने इंदौर, रतलाम और खरगोन में एक साथ छापेमारी की थी. हवाला और हुंडी कारोबार (Hawala and Hundi Transactions) से जुड़े ठिकानों पर हुई कार्रवाई में करीब 25 करोड़ रुपये की नकदी, सोना, हीरे और अन्य कीमती सामान जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई थी. इंदौर में कटारिया फाइनेंस से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई के दौरान करीब 5 करोड़ रुपये नकद और 13 किलो सोना बरामद हुआ था.

दीवार के अंदर बना रखा था नकदी छिपाने का ठिकाना

अगस्त 2021 में इंदौर एसटीएफ ने जावरा कंपाउंड के नाकोड़ा कॉम्प्लेक्स स्थित एक फ्लैट में छापा मारा था. यहां दीवार के भीतर गुप्त चैंबर बनाकर 70 लाख 10 हजार रुपये छिपाए गए थे. इस कार्रवाई में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था. जांच में रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जाने की बात सामने आई थी.

2015 में बैग से मिले थे 50 लाख रुपये

मार्च 2015 में जूनि इंदौर पुलिस ने माणिकबाग ब्रिज के पास एक युवक को रोका था. तलाशी के दौरान उसके बैग से 50 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की नकदी मिली थी. शुरुआती पूछताछ में युवक ने हवाला नेटवर्क के लिए काम करने की बात कही थी. पुलिस को यह रकम सराफा बाजार पहुंचाए जाने की जानकारी मिली थी.

80 लाख रुपये का मालिक कौन?

अब कनाड़िया में मिली 80 लाख रुपये की नकदी ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि रकम का असली मालिक कौन है और दोनों युवकों की इसमें क्या भूमिका थी. पुलिस उनके मोबाइल फोन, संपर्कों और बैंक खातों से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर सकती है.

फिलहाल हवाला कनेक्शन केवल जांच का हिस्सा है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में यह मामला किसी अवैध नेटवर्क से जुड़ा है या फिर किसी अन्य वित्तीय लेनदेन का हिस्सा है, इसका जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा.

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story