भोपाल के चक्कर होंगे खत्म! इंदौर में यलो फीवर का टीका लगाने की तैयारी, जानिए कहां मिलेगी सुविधा

Indore Yellow Fever Vaccination Center: इंदौर के लोगों को यलो फीवर का टीका लगवाने के लिए अब भोपाल नहीं जाना पड़ सकता है। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में वैक्सीनेशन सेंटर शुरू करने की तैयारी है। जानिए कब और कैसे मिलेगी सुविधा।

Shalni Kumari
Published on: 19 Nov 2026 9:15 AM IST
MGM Medical College Indore
X

Yellow Fever Vaccine Indore

Indore Yellow Fever Vaccination Center: विदेश जाने की तैयारी कर रहे इंदौर और आसपास के जिलों के लोगों को यलो फीवर का टीका लगवाने के लिए अब तक भोपाल का रुख करना पड़ रहा है। शहर में करीब 20 साल तक टीकाकरण की सुविधा देने वाला सरकारी सेंटर कोरोना काल में बंद हुआ था, लेकिन इसके दोबारा शुरू होने का इंतजार अब तक खत्म नहीं हुआ है। खास बात यह है कि सेंटर शुरू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से निरीक्षण और जरूरी प्रक्रियाएं काफी पहले पूरी की जा चुकी थीं। अब इस दिशा में एक बार फिर उम्मीद जगी है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, इंदौर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

एमवाय अस्पताल में सेंटर खोलने की हुई थी तैयारी

यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर शुरू करने को लेकर अक्टूबर 2024 में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के रीजनल डायरेक्टर ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों का निरीक्षण किया था। इस दौरान एमवाय अस्पताल को सेंटर संचालन के लिए निर्धारित सभी मानकों पर उपयुक्त पाया गया था। निरीक्षण के बाद इसकी रिपोर्ट डिप्टी डायरेक्टर जनरल, सेंट्रल इंटरनेशनल हेल्थ डिवीजन को भेजी गई थी।

उस समय माना जा रहा था कि जल्द ही एमवाय अस्पताल में टीकाकरण की सुविधा दोबारा शुरू हो जाएगी। हालांकि, रिपोर्ट भेजे जाने के बावजूद सेंटर शुरू नहीं हो सका। अब एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए दूसरी जगह तय की है।

सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शुरू होगा वैक्सीनेशन सेंटर

एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया के मुताबिक, यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर एमवाय अस्पताल के बजाय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शुरू करने की योजना है। इसके लिए डीन कार्यालय की ओर से जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। साथ ही वैक्सीन का ऑर्डर भी दिया जा चुका है।

ऐसे में उम्मीद है कि आने वाले समय में इंदौर के लोगों को अपने ही शहर में यलो फीवर का टीका लगवाने की सुविधा मिल सकेगी। हालांकि, सेंटर शुरू होने की निश्चित तारीख अभी सामने नहीं आई है।

कोरोना काल में बंद हो गया था 20 साल पुराना सेंटर

इंदौर में पहले शासकीय हुकमचंद अस्पताल में यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर संचालित होता था। यहां करीब 20 वर्षों तक लोगों को टीका लगाने की सुविधा मिलती रही। कोरोना महामारी के दौरान इस सेंटर को बंद कर दिया गया। इसके बाद से इसे दोबारा शुरू नहीं किया जा सका है।

फिलहाल इंदौर और आसपास के जिलों के लोगों को यलो फीवर का टीका लगवाने के लिए भोपाल स्थित एम्स जाना पड़ता है। ऐसे में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में नया सेंटर शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।

क्या है यलो फीवर और किन देशों में जरूरी है इसका टीका?

यलो फीवर मच्छरों के काटने से फैलने वाला एक वायरल संक्रमण है। यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है और शरीर के लिवर तथा किडनी जैसे महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित कर सकती है। इसके कारण बुखार, पीलिया और गंभीर स्थिति में अन्य स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं भी हो सकती हैं।

दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के 40 से अधिक देशों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए यलो फीवर का टीका जरूरी होता है। कई देशों में प्रवेश के लिए टीकाकरण का प्रमाणपत्र दिखाना भी अनिवार्य है। ऐसे में विदेश यात्रा करने वाले इंदौर के लोगों के लिए स्थानीय स्तर पर यह सुविधा शुरू होना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story