ललितपुर रेलवे मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द, कई का बदला रूट, यात्रा से पहले देखें अपडेट

Madhyapradeh News: ललितपुर रेलवे स्टेशन पर मेगा ब्लॉक के कारण कई ट्रेनें रद्द और कई के रूट बदले गए हैं। यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर जांचें।

Harsh Sharma
Published on: 13 July 2026 12:08 PM IST
ललितपुर रेलवे मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द, कई का बदला रूट, यात्रा से पहले देखें अपडेट
X

Madhyapradeh News: अगर आप 13 जुलाई या इसके बाद के दिनों में ट्रेन से यात्रा करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। झांसी रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले ललितपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे की ओर से यार्ड रीमॉडलिंग, नई रेल लाइन जोड़ने और आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम लगाने का काम शुरू किया गया है। इस वजह से कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ाना और भविष्य में उनकी आवाजाही को अधिक सुगम बनाना है। निर्माण कार्य अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा।

कुछ ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द

इस मेगा ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इनमें 07363 हुबली–योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 13 जुलाई को नहीं चलेगी। वहीं 07364 योगनगरी ऋषिकेश–हुबली एक्सप्रेस को 16 जुलाई से रद्द करने का फैसला लिया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

इन ट्रेनों का बदला गया रूट

निर्माण कार्य के दौरान कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। इनमें यशवंतपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, तिरुपति–जम्मू तवी एक्सप्रेस, जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, मदुरै–चंडीगढ़ एक्सप्रेस, हैदराबाद–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और विशाखापट्टनम–नई दिल्ली एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा मथुरा–झांसी–बीना मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों को अब दूसरे रूट से चलाया जाएगा। इनमें कालका–शिरडी साईंनगर एक्सप्रेस, हरिद्वार–एलटीटी एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन–विशाखापट्टनम एक्सप्रेस, निजामुद्दीन–तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस, अमृतसर–बिलासपुर एक्सप्रेस और वास्को-डि-गामा एक्सप्रेस शामिल हैं।

कुछ ट्रेनों का बदला स्टेशन स्टॉप

रेलवे ने कुछ ट्रेनों के ठहराव में भी अस्थायी बदलाव किया है। 22469/22470 खजुराहो–निजामुद्दीन एक्सप्रेस और 11841/11842 खजुराहो–कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस अब कुछ समय के लिए ललितपुर स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। इन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दैलवारा स्टेशन पर किया गया है ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके। रेलवे प्रशासन ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ ट्रेनों को रास्ते में 10 मिनट से लेकर 110 मिनट तक रोका भी जा सकता है। इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव रनिंग स्टेटस और समय जरूर जांच लें। रेलवे का कहना है कि यह अस्थायी असुविधा भविष्य में बेहतर और सुरक्षित रेल संचालन के लिए जरूरी है। काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन पहले की तुलना में अधिक तेज और सुचारु होने की उम्मीद है।

Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Content Writer Mail ID - harsha4avan@gmail.comharsha4avan@gmail.com

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story