मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा! उफनते नाले में गिरी श्रद्धालुओं से भरी कार, नहीं खुला बंद दरवाजा, 8 की मौत

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में श्रद्धालुओं से भरी एक कार बारिश के पानी से उफन रहे नाले में गिर गई।

Sachin Singh
Published on: 19 Sept 2026 4:40 PM IST (Updated on: 19 Sept 2026 5:05 PM IST)
मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा! उफनते नाले में गिरी श्रद्धालुओं से भरी कार, नहीं खुला बंद दरवाजा, 8 की मौत
X

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक कार बारिश के पानी से उफन रहे नाले में गिर गई। कार में सवार लोग नलखेड़ा कस्बे के बगलामुखी मंदिर जा रहे थे। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में तीन बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने सभी मृतकों के शव नाले से बाहर निकाले। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उज्जैन में किराए पर ली थी कार

पुलिस के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई कार उज्जैन में रजिस्टर्ड थी, जबकि उसमें सवार लोग ओडिशा के रहने वाले थे। आगर मालवा के एडिशनल एसपी रविंद्र बोयट ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि अब तक तीन या चार लोगों के नाम की पहचान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ये लोग ओडिशा से उज्जैन पहुंचे थे। वहां उन्होंने कार किराए पर ली और दर्शन के लिए आगर मालवा आए थे।

रात 1:30 से 3 बजे के बीच हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 1:30 बजे से 3 बजे के बीच होने की आशंका है। कार को श्याम सुंदर कुमार चला रहे थे। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर स्थिति को सही तरह से समझ नहीं पाया और कार सीधे पानी में चला दी। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। साथ ही, इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

अचानक तेज बारिश बनी हादसे की वजह

आगर मालवा के एसपी दिलीप सोनी ने बताया कि बरामद कार अंदर से लॉक थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि हादसे वाली जगह पर बैरिकेडिंग की गई है और पर्याप्त रोशनी की भी व्यवस्था है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह देर रात अचानक हुई तेज बारिश मानी जा रही है।

CM मोहन यादव ने जताया दुख

हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि वह बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति दें।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story