ग्रीन बिल्डिंग की तरह अब मिलेगी डिजिटल रेटिंग, MP में 2 दिसंबर से लागू होगा नया नियम

Digital Connectivity Rating: मध्य प्रदेश में 2 दिसंबर 2026 से नई बड़ी इमारतों के लिए डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग अनिवार्य होगी। अब फ्लैट, मॉल, अस्पताल और ऑफिस में मोबाइल नेटवर्क व इंटरनेट की गुणवत्ता के आधार पर रेटिंग मिलेगी। जानिए नए नियम की पूरी जानकारी।

Shalni Kumari
Published on: 28 Nov 2026 9:50 AM IST
ग्रीन बिल्डिंग की तरह अब मिलेगी डिजिटल रेटिंग, MP में 2 दिसंबर से लागू होगा नया नियम
X

Digital Connectivity Rating: अब मध्य प्रदेश में सिर्फ मजबूत इमारत, अच्छी सड़क, पानी और बिजली की सुविधा होना ही काफी नहीं होगा। नई बनने वाली बड़ी इमारतों में मोबाइल नेटवर्क और हाई-स्पीड इंटरनेट की उपलब्धता भी जरूरी होगी। इसके लिए राज्य सरकार एक नई व्यवस्था लागू करने जा रही है, जिसके तहत भवनों को उनकी डिजिटल कनेक्टिविटी के आधार पर रेटिंग दी जाएगी। यानी घर, ऑफिस या फ्लैट खरीदने से पहले लोग यह भी जान सकेंगे कि संबंधित इमारत में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की सुविधा कितनी बेहतर है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने इसके लिए मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम, 2012 में संशोधन का प्रारूप तैयार किया है। नए प्रावधान 2 दिसंबर 2026 से लागू होंगे।

अब इमारतों में नेटवर्क की समस्या से मिलेगी राहत

अक्सर देखा जाता है कि नई बहुमंजिला इमारतें और बड़ी आवासीय सोसाइटियां बनकर तैयार हो जाती हैं, लेकिन वहां मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट ठीक से काम नहीं करता। बाद में फाइबर केबल या अन्य नेटवर्क सुविधाएं पहुंचाने के लिए दीवारों और इमारतों में तोड़फोड़ तक करनी पड़ती है।

नई व्यवस्था का उद्देश्य निर्माण के शुरुआती चरण में ही डिजिटल संचार की सुविधाओं के लिए जरूरी इंतजाम करना है। इसके तहत भवनों में फाइबर केबल डक्ट, इन-बिल्डिंग सॉल्यूशंस और अन्य जरूरी नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था करनी होगी। इससे इमारत तैयार होने के बाद नेटवर्क संबंधी परेशानियों को कम किया जा सकेगा।

ग्रीन बिल्डिंग की तरह मिलेगी डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग

मध्य प्रदेश में अब बड़ी इमारतों की पहचान सिर्फ उनके निर्माण और पर्यावरण से जुड़े मानकों के आधार पर नहीं होगी। डिजिटल सुविधाओं की गुणवत्ता भी उनकी रेटिंग का आधार बनेगी।

इसके लिए भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के 'रेटिंग ऑफ प्रॉपर्टीज फॉर डिजिटल कनेक्टिविटी रेगुलेशंस' के मानकों का पालन करना होगा। जिस तरह पर्यावरण के अनुकूल भवनों को ग्रीन बिल्डिंग रेटिंग दी जाती है, उसी तरह अब इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता के आधार पर डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग मिलेगी।

इस व्यवस्था से किसी प्रॉपर्टी में नेटवर्क की गुणवत्ता का अंदाजा पहले ही लगाया जा सकेगा। खासकर फ्लैट, ऑफिस या व्यावसायिक परिसर खरीदने वाले लोगों को फैसला लेने में आसानी होगी।

बिल्डर और प्रॉपर्टी मैनेजर की भी तय होगी जिम्मेदारी

नए नियमों में सिर्फ डिजिटल नेटवर्क की सुविधा विकसित करना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि संबंधित भवन या परियोजना के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग हासिल करना भी जरूरी होगा। इसके लिए बिल्डर और प्रॉपर्टी मैनेजर की जिम्मेदारी तय की गई है।

इसका मतलब है कि निर्माण के दौरान ही डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर जरूरी इंतजाम करने होंगे। बाद में नेटवर्क की खराब गुणवत्ता या जरूरी सुविधाओं की कमी सामने आने पर जिम्मेदारी से बचना आसान नहीं होगा।

नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम, 2012 में संशोधन के लिए प्रारूप तैयार किया है। विभाग के उप सचिव सीके जाधव के मुताबिक, भारत सरकार के निर्देश पर नियमों में बदलाव करते हुए डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं। ये प्रावधान 2 दिसंबर 2026 से लागू होंगे।

किन इमारतों पर लागू होगा नया नियम?

यह व्यवस्था राज्य के हर छोटे मकान या सामान्य आवासीय भवन पर लागू नहीं होगी। इसे सरकार की ओर से निर्धारित विशेष श्रेणी की बड़ी परियोजनाओं के लिए अनिवार्य किया गया है। इनमें बड़ी आवासीय सोसाइटियां और हाईराइज अपार्टमेंट, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, शॉपिंग मॉल, आईटी पार्क और बड़े कार्यालय शामिल हैं।

इसके अलावा अस्पताल, होटल और बड़े सरकारी व सार्वजनिक भवनों को भी इस दायरे में रखा गया है। ऐसे में मध्य प्रदेश में नई बड़ी इमारतों के निर्माण के दौरान अब बिजली, पानी और सड़क के साथ मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देना होगा।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story