TRENDING TAGS :
प्रेमी से रचाना चाहती थी चौथी शादी, रास्ते का रोड़ा बने तीसरे पति को उतारा मौत के घाट; पत्नी समेत 3 गिरफ्तार
Narsinghpur Murder Case: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में तीसरे पति की हत्या के आरोप में पत्नी, उसके प्रेमी और एक साथी गिरफ्तार। पुलिस ने प्रेम प्रसंग और साजिश का किया खुलासा।
Narsinghpur Murder Case: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर अपने तीसरे पति की हत्या की साजिश रची। पुलिस का दावा है कि महिला अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, इसलिए उसने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इस मामले में पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की साजिश का पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस के मुताबिक यह घटना नरसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र की है। जांच में सामने आया कि 27 और 28 जून की रात महिला सरोज मेहरा ने अपने प्रेमी महेंद्र मेहरा और उसके साथी विष्णु के साथ मिलकर अपने पति तुलसीराम की हत्या कराई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने कई तकनीकी और अन्य सबूत जुटाए, जिनके आधार पर पूरे मामले का खुलासा होने का दावा किया गया।
तीन शादियां और फिर प्रेम संबंध
पुलिस जांच के अनुसार सरोज मेहरा की पहली शादी वर्ष 2004 में हुई थी। कुछ समय बाद उसने पहला विवाह छोड़ दिया और दूसरी शादी कर ली। दूसरे पति की मौत के बाद वर्ष 2006 में उसने तुलसीराम से तीसरी शादी की। इसी दौरान उसकी पहचान महेंद्र मेहरा से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए। पुलिस का कहना है कि यही रिश्ता आगे चलकर हत्या की साजिश की वजह बना।
हालांकि, आरोपी महिला ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि हत्या उसके प्रेमी ने की और इसमें उसकी कोई भूमिका नहीं है। महिला का दावा है कि वारदात के समय वह घर पर मौजूद थी। वहीं पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर तीनों आरोपियों की भूमिका सामने आई है।
गुमशुदगी की रिपोर्ट नहीं कराने से हुआ शक
पुलिस अधीक्षक के अनुसार मामले की जांच उस समय गहराई से शुरू हुई जब यह सामने आया कि पति के लापता होने के बाद पत्नी ने तीन दिनों तक न तो गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और न ही उसकी तलाश के लिए कोई कोशिश की। पुलिस को यही बात संदिग्ध लगी। इसके बाद कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई, जिससे पूरे मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं।
दावत के बहाने बुलाकर की हत्या
पुलिस का दावा है कि महेंद्र मेहरा ने तुलसीराम को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के पास दावत का बहाना बनाकर बुलाया। वहां से उसे सुनसान जगह पर ले जाया गया, जहां रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और कुछ अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं। मोबाइल फोन की जांच और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में सरोज मेहरा, उसके प्रेमी महेंद्र मेहरा और उसके साथी विष्णु को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अदालत में आरोप सिद्ध होना बाकी है और अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।


