TRENDING TAGS :
बहन की मौत का सदमा या कोई और वजह? शिवपुरी में 6 मौतों से मचा हड़कंप
Madhya Pradesh Crime News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में दो सगी बहनों और चार बच्चों की मौत से हड़कंप मच गया। इनमें एक महिला 8 महीने की गर्भवती थी। आखिर क्या हुआ?
फोटो-सोशल मीडिया
Madhya Pradesh Crime News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में दो सगी बहनों के बीच गहरा लगाव देखने को मिला। किसी को नहीं पता था कि यह रिश्ता इतना गहरा होगा कि एक की मौत दूसरी के लिए असहनीय सदमा बन जाएगी। यहां दो अलग-अलग घटनाओं में दोनों बहनों और उनके चार बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। इनमें एक महिला आठ महीने की गर्भवती भी थी। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार में मातम पसर गया और पूरे गांव में यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
पहली घटना बुधवार को शिवपुरी के बैराड़ थाना क्षेत्र के गुंगरगांव की है। यहां 35 वर्षीय अंजली रावत ने कथित तौर पर अपनी तीन बेटियों को कुएं में धकेल दिया और फिर अपने छह वर्षीय बेटे प्रशांत को गोद में लेकर खुद भी कुएं में कूद गईं। हालांकि, अंजली की सबसे बड़ी बेटी मोनिका किसी तरह खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को बचाने में कामयाब रही। इसके बाद वह घर पहुंची और परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी।
पति की मौत के बाद मानसिक तनाव में थीं अंजली
परिजनों के मुताबिक, अंजली के पति धर्मवीर सिंह रावत की करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और अंजली व उनके बेटे प्रशांत को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
बहन की मौत के सदमे में गर्भवती महिला ने भी दी जान
दूसरी घटना सेसाई गांव से जुड़ी बताई जा रही है। अंजली की 40 वर्षीय सगी बहन सीता रावत बुधवार को अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोनकर गांव के एक खेत में गई थीं। शाम करीब छह बजे तक जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
खोजबीन के दौरान परिवार के लोगों को एक कुएं के पास चप्पलें और पानी में एक बच्चे का शव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रात करीब 11 बजे रेस्क्यू अभियान चलाकर सीता और उनके तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले। पुलिस के मुताबिक, सीता आठ महीने की गर्भवती थीं। इस घटना में उनके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।
दोनों बहनों के बीच था गहरा रिश्ता
मृतक बहनों के जीजा हकम सिंह के मुताबिक, अंजली और सीता के बीच गहरा लगाव था। दोनों अक्सर फोन पर एक-दूसरे से बात करती थीं। रिश्तेदारों का मानना है कि अंजली की मौत की खबर से सीता को गहरा सदमा पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने भी यह कदम उठा लिया। हालांकि, इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है और शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े परिस्थितिजन्य तथ्यों की जांच कर रही है।


