एक चिंगारी और धू-धू कर जलने लगीं चार दुकानें, पटाखा बाजार में मचा हड़कंप

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के गंजबासौदा में गुरुवार शाम पटाखा बाजार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। जानिए कैसे हुआ हादसा।

Kumud Gupta
Published on: 5 Nov 2026 9:00 PM IST
एक चिंगारी और धू-धू कर जलने लगीं चार दुकानें, पटाखा बाजार में मचा हड़कंप
X

फोटो-सोशल मीडिया

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में गुरुवार शाम पटाखा बाजार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बरेठ रोड स्थित नवीन बस स्टैंड के पास प्रशासन की ओर से लगाए गए पटाखा बाजार की एक दुकान में शाम करीब 6 बजे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने आसपास की तीन अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद बाजार में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

एक दुकान से शुरू हुई आग, आसपास की दुकानें भी आईं चपेट में

जानकारी के अनुसार, शाम के समय पटाखा बाजार में अचानक एक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। दुकान में पटाखे रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आसपास की तीन अन्य दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं। आग बढ़ती देख बाजार में मौजूद दुकानदार और ग्राहक सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, दमकल वाहनों को बाजार के अंदर पहुंचने में करीब 20 मिनट का समय लग गया। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। शाम को कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

बल्ब के होल्डर में लगी चिंगारी से भड़की आग

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार व्यापारी राकेश प्रजापति की दुकान में लगे एक बल्ब के होल्डर में सबसे पहले आग लगी थी। व्यापारी के अनुसार, होल्डर से निकली चिंगारी दुकान में रखे पटाखों तक पहुंच गई, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया।

वाहन भी जलकर हुए राख

इस घटना में कुल चार दुकानों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा दुकानों के पास खड़ी दो बाइक और एक स्कूटर भी आग की चपेट में आकर जल गए। प्रशासन की तत्परता और दमकल कर्मियों की कार्रवाई से आग को समय रहते फैलने से रोक लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Kumud Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Kumud Gupta

Mail ID - gkumud27@gmail.com Content Writergkumud27@gmail.com

I am currently pursuing a Bachelor of Journalism and Mass Communication (BJMC) and am a 5th Semester student at KITM Group of Institutions, Khatima, Uttarakhand. I have a strong interest in content writing, particularly on crime, politics, social issues, and history.

Next Story