घर से निकलीं दो मासूम बहनें, कुएं के पास मिला ऐसा सुराग कि मच गई चीख-पुकार

Madhya pradesh News: महेश्वर में दो मासूम बहनें अचानक लापता हो गईं। कुछ देर बाद कुएं के पास मिले उनके कपड़ों ने परिवार को अनहोनी की आशंका से घेर दिया। तलाश शुरू हुई तो सामने आया दर्दनाक सच।

Kumud Gupta
Published on: 7 Oct 2026 10:46 PM IST
घर से निकलीं दो मासूम बहनें, कुएं के पास मिला ऐसा सुराग कि मच गई चीख-पुकार
X

social media image

Madhya pradesh News: खरगोन जिले के महेश्वर में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। भूरीबेड़ी सेल क्षेत्र में दो मासूम बहनों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय सलोनी दांगी और 4 वर्षीय अन्नपूर्णा दांगी के रूप में हुई है। दोनों बहनों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।

मां के साथ अक्सर कुएं पर जाती थीं दोनों बहनें

परिजनों के मुताबिक, सलोनी और अन्नपूर्णा अक्सर अपनी मां के साथ कुएं पर जाती थीं। दोनों को कुएं और उसके आसपास का स्थान पहले से परिचित था। बुधवार को उनकी मां घर के काम में व्यस्त थीं। वहीं, पिता अनिल दांगी खेत में मजदूरी करने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान दोनों बहनें घर से निकलकर अकेले ही कुएं की तरफ चली गईं।

बताया जा रहा है कि उस समय कुएं में पानी काफी ऊपर तक भरा हुआ था। कुएं के पास पहुंचने के बाद दोनों बच्चियों ने अपने कपड़े उतारकर किनारे रख दिए। इसके बाद किसी तरह एक बच्ची कुएं के पानी में गिर गई। आशंका जताई जा रही है कि उसे डूबता देखकर दूसरी बहन उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गई। हालांकि, पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों बहनें बाहर नहीं निकल सकीं और डूब गईं।

कपड़े देखकर पिता को हुई अनहोनी की आशंका

इधर, काफी देर तक दोनों बच्चियां दिखाई नहीं दीं तो पिता अनिल दांगी ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास देखने के बाद वे कुएं के पास पहुंचे। वहां दोनों बच्चियों के कपड़े रखे हुए मिले, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं था।

कपड़े कुएं के किनारे मिलने के बाद पिता को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कुएं में दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियां कुएं के अंदर मिलीं।

काका ने दोनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला

जानकारी के मुताबिकम, बच्चियों के काका शिवराम दांगी ने दोनों को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल बाहर लेकर आए, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक ही परिवार की दो मासूम बहनों की एक साथ मौत से गांव में भी गम का माहौल है। जिस घर में दोनों बहनों की मासूमियत और चहल-पहल रहती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। हादसे ने परिवार के साथ-साथ ग्रामीणों को भी झकझोर दिया है।

Kumud Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Kumud Gupta

Mail ID - gkumud27@gmail.com Content Writergkumud27@gmail.com

I am currently pursuing a Bachelor of Journalism and Mass Communication (BJMC) and am a 5th Semester student at KITM Group of Institutions, Khatima, Uttarakhand. I have a strong interest in content writing, particularly on crime, politics, social issues, and history.

Next Story