Mohan Yadav Cabinet में ‘महा-बदलाव’! इन दिग्गजों मंत्रियों की होगी छुट्टी? इन नए चेहरों को मिलेगा मौका

MP Cabinet Reshuffle: मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली एमपी सरकार में जून माह के अंत तक कैबिनेट में बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 30 May 2026 8:09 AM IST (Updated on: 30 May 2026 8:09 AM IST)
Mohan Yadav Cabinet में ‘महा-बदलाव’! इन दिग्गजों मंत्रियों की होगी छुट्टी? इन नए चेहरों को मिलेगा मौका
X

MP Cabinet Reshuffle: मध्य प्रदेश राजनीति में जल्द ही बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली एमपी सरकार में जून माह के अंत तक कैबिनेट में बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार कैबिनेट में कई नए चेहरों की एंट्री हो सकती है, जबकि कुछ मौजूदा मंत्रियों की विदाई भी लगभग तय ही मानी जा रही है। साल 2023 में मोहन यादव के नेतृत्व में गठित सरकार का यह पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार होगा।

सीएम मोहन यादव के दिल्ली दौरे से बढ़ी हलचल

वर्तमान में मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित मंत्रिमंडल में कुल 31 सदस्य शामिल हैं। पिछले कुछ सप्ताहों में मुख्यमंत्री ने कई बार दिल्ली का दौरा किया है, जहां उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। बताया जा रहा है कि इन बैठकों में मंत्रिमंडल के पुनर्गठन, नए चेहरों को अवसर देने और संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई है।

कई मंत्रियों से लिया जाएगा इस्तीफा

सूत्रों के मुताबिक 20 से 30 जून के बीच कभी भी कई मौजूदा मंत्रियों से इस्तीफा लिया जा सकता है, जिसके बाद नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस फेरबदल को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। कैबिनेट फेरबदल को लेकर सबसे अधिक चर्चा वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय को लेकर हो रही है। राजनीतिक गलियारों में अटकलें हैं कि उन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता है। वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रह्लाद सिंह पटेल को केंद्रीय संगठन में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व अनुभवी नेताओं की भूमिका को नए तरीके से तय करने पर विचार कर रहा है।

विवाद भी बने फेरबदल का आधार

दूसरी ओर, कुछ मंत्रियों के प्रदर्शन और हालिया विवादों को भी फेरबदल का आधार माना जा रहा है। मंत्री विजय शाह का नाम उन नेताओं में प्रमुखता से लिया जा रहा है, जिनकी मोहन यादव कैबिनेट से छुट्टी हो सकती है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्नल सोफिया कुरैषी को लेकर दिये गये विवादित बयान को लेकर पार्टी को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा राज्य मंत्री राधा सिंह, प्रतिमा बागरी और दिलीप अहिरवार के नाम भी संभावित बदलावों की सूची में बताए जा रहे हैं।

इन चेहरों को मिल सकता है मौका

मुख्यमंत्री मोहन यादव सरकार में सागर जिले के विधायक शैलेंद्र जैन और प्रदीप लारिया में से किसी एक को कैबिनेट में शामिल किए जाने की चर्चा है। इसके अलावा पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इस बार कैबिनेट में युवा नेताओं, महिलाओं और आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधियों को भी प्राथमिकता दी जा सकती है। केवल नए चेहरों को शामिल करने तक ही बदलाव सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई मंत्रियों के विभागों में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रियों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की है और उसी के आधार पर महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Content Writer Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story