मां ही निकली बेटियों की सौदागर! 1 लाख में किया 2 नाबालिगों का सौदा, दुष्कर्म के बाद 3 गिरफ्तार

MP News: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में दो नाबालिग बच्चियों को पैसों के बदले अलग-अलग लोगों को सौंपने और उनके यौन शोषण का आरोप लगा है। मामले में मां समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी है।

Newstrack Network
Published on: 24 Aug 2026 11:37 AM IST
Madhya Pradesh News
X

Madhya Pradesh News

MP News: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से दो नाबालिग बच्चियों को कथित तौर पर पैसों के बदले बेचे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शाहपुर थाना पुलिस ने मामले में नाबालिगों की मां समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, बच्चियों को 25 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक के आर्थिक लेनदेन के बाद अलग-अलग पुरुषों को सौंपा गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर लगातार यौन शोषण और दुष्कर्म किया गया।

जलगांव एसपी के पत्र से हुआ मामले का खुलासा

शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के मुताबिक, महाराष्ट्र के जलगांव पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शाहपुर पुलिस को एक पत्र मिला था। दरअसल, बच्चियों के पिता पर लगे दुष्कर्म के आरोपों के मामले में बयान देने के लिए दोनों नाबालिग जलगांव की अदालत पहुंची थीं। इसी दौरान उनके साथ हुई कथित घटनाओं की जानकारी सामने आई और मां द्वारा भी बच्चियों को अलग-अलग लोगों को सौंपे जाने का खुलासा हुआ।

जलगांव एसपी के पत्र के आधार पर शाहपुर पुलिस ने 21 अगस्त को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद 23 अगस्त को पुलिस ने नाबालिगों की मां सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एक-एक लाख रुपये के बदले अलग-अलग लोगों को सौंपने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पहली नाबालिग पीड़िता को दिसंबर 2024 से अलग-अलग समय पर आरोपी गिरधर पिता भूरमल बरेला, शेर सिंह पिता कुटलिया बरेला और गोविंदा पिता पप्पू बरेला को सौंपा गया। नाबालिग के बयान के मुताबिक, उसकी मां ने कथित तौर पर एक-एक लाख रुपये के आर्थिक लेनदेन के बदले उसे आरोपियों के हवाले किया था। इसके बाद उसके साथ लगातार दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।

वहीं, दूसरी नाबालिग को आरोपी कमलेश पिता नानसिंह बरेला को पत्नी के रूप में सौंपे जाने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों नाबालिगों के साथ यौन शोषण और दुष्कर्म किया गया।

दोनों नाबालिग हुईं गर्भवती

जांच के दौरान सामने आया कि दोनों नाबालिग पीड़िताएं गर्भवती हो गई थीं। मामले में महिला आयोग और महाराष्ट्र की अदालत ने भी संज्ञान लिया था। इसके बाद जलगांव पुलिस की जांच में मामले के तार मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के शाहपुर से जुड़े पाए गए। जलगांव पुलिस ने पत्र भेजकर मामले की जानकारी शाहपुर पुलिस को दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

मां समेत तीन गिरफ्तार, दो आरोपियों की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहपुर पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की। 23 अगस्त को पुलिस ने नाबालिगों की मां के अलावा गोविंदा पिता पप्पू बरेला और कमलेश पिता नानसिंह बरेला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मां समेत कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया है। गिरधर और शेर सिंह की तलाश जारी है।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। दोनों पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस अब डीएनए टेस्ट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है।

एसआई शैलेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि जांच में नाबालिगों को अलग-अलग व्यक्तियों को 25 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक में सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने बताया कि बच्चियों को सौंपने वाली महिला ने वर्ष 2024 में अपने पति पर ही बच्चियों के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इसी मामले में दोनों नाबालिगों के बयान के दौरान मां की कथित भूमिका का भी खुलासा हुआ।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story