TRENDING TAGS :
10 महीने से इंतजार, अब दिवाली से पहले DA पर आर-पार! 22 अक्टूबर को प्रदर्शन
MP DA Hike: मध्य प्रदेश में तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने दिवाली से पहले महंगाई भत्ता और महंगाई राहत 2% बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल DA 58% है। मांग को लेकर 22 अक्टूबर को प्रदेशभर में प्रदर्शन होगा।
Madhya Pradesh Dearness Allowance
MP DA Hike: दीपावली (Diwali) से पहले मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों की महंगाई भत्ता (Dearness Allowance-DA) और महंगाई राहत (Dearness Relief-DR) बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ (Class III Employees Association) ने राज्य सरकार से दोनों में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी कर राहत देने की मांग की है। संगठन का कहना है कि वर्तमान में राज्य के कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जबकि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों के लिए एक जनवरी 2026 से 60 प्रतिशत की दर लागू कर चुकी है। ऐसे में राज्य के कर्मचारी भी दीपावली से पहले बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं।
10 महीने से बढ़ोतरी का इंतजार
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने कहा कि बीते 10 महीनों में कई त्योहार निकल गए, लेकिन राज्य सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता और पेंशनरों की महंगाई राहत नहीं बढ़ाई है। इससे कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों (Retired Employees) को निराशा हुई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को बोनस (Bonus) देने की घोषणा भी कर चुकी है, जबकि मध्य प्रदेश के कर्मचारी अब तक महंगाई भत्ता बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं। दीपावली नजदीक होने के कारण संगठन ने सरकार से जल्द फैसला लेने की अपील की है। संघ की मांग है कि कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत देने के लिए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में दो प्रतिशत की वृद्धि की जाए।
22 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन
महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारी 22 अक्टूबर को प्रदेशभर में प्रदर्शन (Protest) करेंगे। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के आह्वान पर भोपाल सहित विभिन्न जिला मुख्यालयों में भोजनावकाश (Lunch Break) के दौरान विरोध दर्ज कराया जाएगा।
राजधानी भोपाल में प्रदर्शन केंद्रीय मुद्रणालय (Central Press) के डाक भवन के सामने दोपहर एक बजे आयोजित होगा। संगठन के मुताबिक, इस प्रदर्शन के जरिए सरकार तक कर्मचारियों की मांग पहुंचाई जाएगी।
अब देखना होगा कि दीपावली से पहले राज्य सरकार महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ाने पर कोई निर्णय लेती है या कर्मचारियों को इसके लिए और इंतजार करना पड़ेगा। फिलहाल, कर्मचारी संगठन ने अपनी मांग को लेकर आंदोलन का रास्ता चुना है।


