TRENDING TAGS :
वन अधिकारी के घर छापेमारी में मिला करोड़ों का खजाना! 3.5 करोड़ का सोना, 560% ज्यादा संपत्ति
मध्य प्रदेश में लोकायुक्त की छापेमारी में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के वन अधिकारी संजीव शर्मा की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा। 3.5 करोड़ का सोना, चांदी, लग्जरी गाड़ियां और दो रिसॉर्ट के दस्तावेज मिले। आय से 560% अधिक संपत्ति की जांच जारी।
Bhopal News: मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई ने वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की कथित अकूत संपत्ति का खुलासा किया है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर संजीव कुमार शर्मा के भोपाल स्थित घर पर लोकायुक्त की छापेमारी में करोड़ों रुपये का सोना, चांदी और महंगी गाड़ियां मिली हैं। शुरुआती जांच में उनकी संपत्ति ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 560 फीसदी अधिक पाई गई है। इस खुलासे के बाद वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
भोपाल की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित आवास पर शनिवार को मध्य प्रदेश लोकायुक्त विशेष पुलिस स्थापना की टीम ने दबिश दी। आय से अधिक संपत्ति के मामले में यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने शर्मा के आवास के साथ उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
3.5 करोड़ रुपये से ज्यादा का सोना, 1.6 किलो चांदी
तलाशी के दौरान अधिकारी के घर से 3.5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का सोना और करीब 1.6 किलोग्राम चांदी मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा चार वाहन भी जब्त किए गए हैं। इनमें एक स्कॉर्पियो, एक महिंद्रा KUV, रॉयल एनफील्ड बुलेट और एक स्कूटर शामिल हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 31.2 लाख रुपये बताई गई है।
लोकायुक्त की टीम को घर में करीब 50 लाख रुपये कीमत का घरेलू सामान भी मिला है। बरामद संपत्ति और दस्तावेजों का मूल्यांकन किया जा रहा है।
पचमढ़ी में दो होटल-रिसॉर्ट के दस्तावेज भी मिले
इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला खुलासा दो हॉस्पिटैलिटी प्रॉपर्टीज को लेकर हुआ है। लोकायुक्त को संजीव शर्मा से जुड़ी दो संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं।
- इकोटेल रिसॉर्ट: अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये। इसे 2016-17 में खरीदे जाने की जानकारी है।
- सेरेनिटी द विला: अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये। इसके दस्तावेजों के अनुसार इसे 2014 में खरीदा गया था।
- जमीन के सौदे: खरीद-बिक्री से संबंधित 28 दस्तावेज और एग्रीमेंट मिले हैं।
दोनों होटल और रिसॉर्ट का आधिकारिक मूल्यांकन अभी बाकी है। ऐसे में संपत्ति का कुल आंकड़ा और बढ़ सकता है।
26 लाख से ज्यादा नकदी और ढाई किलो सोना बरामद
लोकायुक्त की तलाशी में अब तक 26 लाख 36 हजार 800 रुपये नकद मिले हैं। इसके अलावा 2.528 किलोग्राम सोना बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई गई है। लगभग 1.656 किलोग्राम चांदी भी मिली है। इसकी कीमत करीब 2.94 लाख रुपये आंकी गई है। चार वाहनों की कीमत करीब 31.2 लाख रुपये और घरेलू सामान की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है।
तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस
लोकायुक्त की अलग-अलग टीमों ने 14 नवंबर को पचमढ़ी स्थित संजीव शर्मा के सरकारी आवास और कार्यालय के अलावा छिंदवाड़ा स्थित उनके निजी आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की गोपनीय शिकायत के बाद की गई।
लोकायुक्त के डीएसपी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रारंभिक सत्यापन किया गया था। शुरुआती जांच में संपत्ति ज्ञात आय से 228 प्रतिशत अधिक होने का अनुमान था, लेकिन तलाशी में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह अंतर बढ़कर करीब 560 प्रतिशत तक पहुंच गया।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(b) और 13(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल जमीन के दस्तावेजों, होटल-रिसॉर्ट के वास्तविक मूल्यांकन और अन्य संपत्तियों की जांच जारी है। लोकायुक्त का कहना है कि अभी सामने आए आंकड़े प्रारंभिक हैं और जांच आगे बढ़ने पर संपत्ति का मूल्य बढ़ सकता है।


