MP News: पानी भरने गईं तीन मासूम बच्चियां कुएं में डूबीं, गांव में पसरा मातम

MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में कुएं में डूबने से दो सगी बहनों समेत तीन बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं लखनऊ में डैम में नहाने के दौरान एक युवक की डूबकर जान चली गई।

Newstrack/IANS
Published on: 23 May 2026 3:53 PM IST
Madhya Pradesh News
X

Madhya Pradesh News

MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। गैरतगंज तहसील अंतर्गत पुलिस चौकी गढ़ी के ग्राम सगौर में शनिवार सुबह 2 सगी बहनों समेत तीन मासूम बच्चियों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम सगौर निवासी हल्केराम आदिवासी की दो बेटियां कुमारी राधा (12), कुमारी तनु और रामगोपाल की 12 वर्षीय बेटी अमृता गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं।

बताया जा रहा है कि पानी भरने के दौरान बच्चियां कुएं में नहाने लगीं। इसी दौरान एक बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोनों बच्चियां भी कुएं में उतर गईं। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गईं। घटना के समय साथ में मौजूद एक अन्य बच्ची अमीना घबराकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल गैरतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डैम में नहाते समय युवक की डूबकर मौत हो गई। सूचना प्राप्त होते ही प्रभारी निरीक्षक थाना बीबीडी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और डूबे हुए व्यक्ति को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान सूरज कुमार (28) पुत्र रामस्वरूप निवासी सरायशेख थाना बीबीडी के रूप में हुई। जब युवक को बाहर निकाला गया तो उसकी सांस चल रही थी, जिसे तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey

Next Story