TRENDING TAGS :
MP के 35 लाख छात्रों की बल्ले-बल्ले! घर बैठे मिलेगी मार्कशीट और डिग्री, जानें कैसे
MP Students Digital Marksheet: मध्य प्रदेश के 30 से 35 लाख छात्रों को बड़ी राहत मिली है। अब 2021 से 2025 तक की मार्कशीट और डिग्री डिजीलॉकर पर उपलब्ध होंगी। संस्थानों को 31 जनवरी 2027 तक रिकॉर्ड अपलोड करने होंगे।
DigiLocker Marksheet
MP Students Digital Marksheet: कॉलेज और विश्वविद्यालय की पढ़ाई पूरी करने के बाद मार्कशीट या डिग्री के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने वाले मध्य प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। अब साल 2021 से 2025 के बीच परीक्षा पास कर चुके करीब 30 से 35 लाख छात्रों के शैक्षणिक दस्तावेज डिजिटल रूप में उपलब्ध हो सकेंगे। केंद्र सरकार ने लंबे समय से अटके रिकॉर्ड अपलोड करने की तकनीकी बाधा दूर करते हुए शैक्षणिक वर्ष की समय-सीमा की पाबंदी खत्म कर दी है। इसके साथ ही नेशनल एकेडमिक डिपॉजिटरी (NAD)-डिजीलॉकर और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC) पोर्टल फिर से खोल दिए गए हैं। संस्थानों को लंबित रिकॉर्ड अपलोड करने के लिए 31 जनवरी 2027 तक का समय दिया गया है।
30 से 35 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा
इस फैसले का लाभ मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों से पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा। इसमें प्रदेश के 19 सरकारी विश्वविद्यालयों के साथ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अंतर्गत आने वाले संस्थान और स्वशासी महाविद्यालय भी शामिल हैं।
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने संबंधित विश्वविद्यालयों और संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि वे लंबित शैक्षणिक रिकॉर्ड को जल्द से जल्द पोर्टल पर अपलोड करें। रिकॉर्ड उपलब्ध होने के बाद विद्यार्थियों को अपनी अंकसूची, डिग्री और शैक्षणिक क्रेडिट डिजिटल माध्यम से हासिल करने में आसानी होगी।
31 जनवरी 2027 तक अपलोड होंगे पुराने रिकॉर्ड
प्रदेश में रिकॉर्ड अपलोड करने की सुविधा दोबारा शुरू हो चुकी है। यह व्यवस्था 31 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी। संस्थानों की ओर से डेटा अपलोड किए जाने के बाद स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों की अंकसूची और डिग्री आधार आईडी से लिंक हो जाएंगी।
इसके बाद छात्र अपने दस्तावेज डिजीलॉकर के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। इससे शैक्षणिक प्रमाणपत्रों को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
नवंबर 2025 से अटका हुआ था शैक्षणिक रिकॉर्ड का डेटा
केंद्र सरकार के जोनल कोऑर्डिनेटर अभिनव शर्मा के मुताबिक, शैक्षणिक वर्ष की समय-सीमा से जुड़ी तकनीकी पाबंदी के कारण संस्थान नवंबर 2025 से परीक्षा वर्ष 2021 से 2024 तक के रिकॉर्ड अपलोड नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद जून 2026 से परीक्षा वर्ष 2025 का डेटा अपलोड होना भी बंद हो गया था।
स्थिति यह थी कि विश्वविद्यालयों के पास विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम और अन्य शैक्षणिक रिकॉर्ड मौजूद थे, लेकिन तकनीकी बाधा के चलते उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था। इस वजह से छात्रों को डिजिटल मार्कशीट और डिग्री मिलने में परेशानी हो रही थी। वहीं, एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC) खाते में शैक्षणिक क्रेडिट जुड़वाने का काम भी प्रभावित हो रहा था।
नौकरी और आगे की पढ़ाई के लिए नहीं लगाने होंगे विश्वविद्यालयों के चक्कर
डिजीलॉकर और एबीसी पोर्टल पर रिकॉर्ड उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। नौकरी के लिए आवेदन, उच्च शिक्षा में प्रवेश, क्रेडिट ट्रांसफर और दस्तावेजों के सत्यापन जैसे कामों में डिजिटल प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इससे हर बार मूल अंकसूची या डिग्री हासिल करने के लिए विश्वविद्यालय और कॉलेजों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। हालांकि, केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि 31 जनवरी 2027 के बाद रिकॉर्ड अपलोड करने की समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। ऐसे में संबंधित संस्थानों को तय अवधि के भीतर लंबित डेटा अपलोड करना होगा।
तकनीकी दिक्कतों के लिए हेल्प सेशन और टोल-फ्री नंबर जारी
विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को रिकॉर्ड अपलोड करने में आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए भी व्यवस्था की गई है। इसके तहत सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक वर्चुअल हेल्प सेशन आयोजित किए जाएंगे।
वहीं, जिन विद्यार्थियों की डिजीलॉकर या एबीसी आईडी में शैक्षणिक रिकॉर्ड अपडेट नहीं हो रहे हैं, वे टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-889-3511 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आधिकारिक सपोर्ट पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
इस फैसले से मध्य प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक दस्तावेज डिजिटल रूप में हासिल करने का रास्ता साफ होगा। अब सबसे अहम जिम्मेदारी संबंधित विश्वविद्यालयों और संस्थानों की है कि वे 31 जनवरी 2027 की समय-सीमा से पहले सभी लंबित रिकॉर्ड अपलोड कर दें।


