बालाघाट में बच्चों की मौत का मामला गरमाया, आज जागला पहुंचेंगे राहुल गांधी; भाजपा ने साधा निशाना

Rahul Gandhi Balaghat Visit: बालाघाट में 30 से अधिक बच्चों की मौत के बीच राहुल गांधी आज जागला गांव पहुंचेंगे। वे प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। भाजपा ने दौरे पर निशाना साधा है।

Shalni Kumari
Published on: 1 Oct 2026 12:26 PM IST
Balaghat Tribal Children Death
X

Rahul Gandhi Balaghat Visit 

Rahul Gandhi Balaghat Visit: मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल बालाघाट जिले में कुपोषण, मलेरिया और संक्रामक बीमारियों से 30 से अधिक बच्चों की मौत का मामला चर्चा में है। इसी बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को जिले के बिरसा ब्लॉक स्थित जागला गांव पहुंचेंगे। यहां वे मृत बैगा और गोंड आदिवासी बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी स्थिति और क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े हालात की जानकारी लेंगे।

बताया गया है कि बिरसा और आसपास के आदिवासी इलाकों में जून-जुलाई से अब तक 30 से अधिक बच्चों की मौत हुई है। स्थानीय ग्रामीणों और कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में शुद्ध पेयजल, समय पर इलाज और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। इन्हीं मुद्दों को लेकर राहुल गांधी प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करेंगे।

करीब 45 मिनट जागला में रुकेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी का जागला गांव में करीब 45 मिनट रुकने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे मृत बच्चों के परिवारों से मुलाकात करेंगे और बच्चों की मौत तथा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इसके बाद वे गांव में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

राहुल गांधी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

सुबह: दिल्ली एयरपोर्ट से महाराष्ट्र के गोंदिया के लिए रवाना होंगे।

11:45 बजे: गोंदिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

12:00 बजे: सड़क मार्ग से बालाघाट के जागला गांव के लिए रवाना होंगे।

2:15 बजे: जागला गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे।

3:00 बजे: जागला गांव में प्रेस कॉन्फ्रेंस।

3:10 बजे: गोंदिया एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

शाम 5:44 बजे: विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

13 दिन के भीतर मध्य प्रदेश का दूसरा दौरा

राहुल गांधी का यह 13 दिन के भीतर मध्य प्रदेश का दूसरा दौरा है। इससे पहले वे सितंबर में प्रदेश के दौरे पर आए थे। इस बार उनका कार्यक्रम आदिवासी बहुल बालाघाट के बैहर-बिरसा क्षेत्र में रखा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके दौरे को लेकर तैयारियां की हैं और प्रभावित परिवारों के साथ संवाद को कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा बनाया है।

भाजपा ने राहुल गांधी के दौरे पर साधा निशाना

राहुल गांधी के बालाघाट दौरे से पहले भाजपा ने उनके दौरे को लेकर निशाना साधा है। भाजपा की ओर से कहा गया कि राहुल गांधी मध्य प्रदेश में ‘पॉलिटिकल टूरिज्म’ के लिए आ रहे हैं और उन्हें अपने बयानों में गंभीरता व परिपक्वता दिखानी चाहिए।

भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संवेदनशील घटनाओं को राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दा बनाते हैं। बयान में उन पर ‘लाशों पर राजनीति’ करने का भी आरोप लगाया गया। भाजपा की ओर से यह भी कहा गया कि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी को अपने बयानों और व्यवहार में जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।

‘मां जैसे पवित्र रिश्ते’ का उड़ाया मजाक

भाजपा ने राहुल गांधी के इंदौर में दिए गए एक बयान का हवाला देते हुए भी उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उन्होंने ‘मां जैसे पवित्र रिश्ते’ का मजाक उड़ाया। पार्टी की ओर से यह भी कहा गया कि उनके बयानों से देश के मान-सम्मान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश होती है।

इस तरह बालाघाट में बच्चों की मौत का मामला अब स्वास्थ्य व्यवस्था के सवाल के साथ-साथ राजनीतिक बहस का भी विषय बन गया है। राहुल गांधी के जागला दौरे के दौरान प्रभावित परिवारों से उनकी बातचीत और प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजर रहेगी।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story