TRENDING TAGS :
अब सिर्फ 395 KM! Bhopal से Prayagraj अब चंद घंटों में! 195 KM घटेगी दूरी, सागर-सतना एक्सप्रेसवे को मिली मंजूरी
MP News: मौजूदा मार्ग की तुलना में सागर से सतना के बीच की दूरी लगभग 75 किलोमीटर तक कम होने की उम्मीद है। निर्माण पूरा होने के बाद सागर से सतना की दूरी करीब 220 किलोमीटर रह जाएगी।
MP News: मध्य प्रदेश के लोगों के लिए सड़क कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सागर-सतना एक्सप्रेसवे को सरकार की मंजूरी मिल गई है। करीब 9,850 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह हाई स्पीड कॉरिडोर बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा। इसके बनने के बाद भोपाल, सागर, दमोह जैसे शहरों से रीवा, प्रयागराज, मिर्जापुर और बनारस तक सड़क यात्रा पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज हो जाएगी।
295 किलोमीटर सड़क को किया जाएगा फोर लेन
प्रस्तावित सागर-सतना एक्सप्रेसवे के तहत करीब 295 किलोमीटर लंबी सड़क को फोर लेन किया जाएगा। मौजूदा मार्ग की तुलना में सागर से सतना के बीच की दूरी लगभग 75 किलोमीटर तक कम होने की उम्मीद है। निर्माण पूरा होने के बाद सागर से सतना की दूरी करीब 220 किलोमीटर रह जाएगी।
वहीं भोपाल से सागर के बीच भी फोर लेन निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस मार्ग के पूरा होने के बाद भोपाल और सागर के बीच की दूरी भी करीब 20 किलोमीटर कम होकर लगभग 163 किलोमीटर रह जाएगी।
भोपाल से रीवा-प्रयागराज का सफर होगा छोटा
इस एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा फायदा भोपाल से उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को मिलेगा। मौजूदा समय में भोपाल से सतना और रीवा होते हुए प्रयागराज की यात्रा करीब 590 किलोमीटर तक पड़ती है। नई सड़क कनेक्टिविटी विकसित होने के बाद यह दूरी लगभग 395 किलोमीटर तक रह जाने का अनुमान है।
दूरी में करीब 100 किलोमीटर या उससे अधिक की कमी होने से यात्रा के समय में भी लगभग दो घंटे तक की बचत हो सकती है। इससे यात्रियों के साथ मालवाहक वाहनों को भी फायदा मिलेगा। कम दूरी का मतलब ईंधन की खपत में कमी और वाहनों के संचालन में अधिक दक्षता भी होगा।
9,850 करोड़ रुपये की लागत, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
सरकार ने करीब 9,850 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इसकी डीपीआर तैयार हो चुकी है और अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
कारोबार और रोजगार को भी मिलेगा फायदा
सागर-सतना एक्सप्रेसवे केवल सफर आसान करने वाला प्रोजेक्ट नहीं होगा, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। पश्चिमी मध्य प्रदेश की उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों से सीधी हाई स्पीड कनेक्टिविटी बढ़ने से औद्योगिक निवेश के नए अवसर बन सकते हैं।
बेहतर सड़क संपर्क से होटल, रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट, रिहायशी परियोजनाओं, लॉजिस्टिक हब और इंडस्ट्रियल एरिया को फायदा मिलने की संभावना है। वहीं किसानों के लिए भी बड़ी मंडियों तक अपनी फसल पहुंचाना आसान हो सकता है। एक्सप्रेसवे के आसपास जमीन की मांग बढ़ने से रियल एस्टेट गतिविधियों में भी तेजी आने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर सागर-सतना एक्सप्रेसवे मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र को उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से जोड़ने वाला अहम हाई स्पीड कॉरिडोर साबित हो सकता है।


