गोलीकांड से दहला सीहोर, युवक की मौत के बाद हाईवे जाम; पुलिस पर लगे गंभीर आरोप

Sehore Firing Case: मध्य प्रदेश के सीहोर में भाऊखेड़ी जोड़ के पास दो पक्षों के विवाद के दौरान गोली लगने से सचिन वर्मा की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने हाईवे जाम कर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

Shalni Kumari
Published on: 22 Nov 2026 10:54 AM IST
Sachin Verma Death
X

 Bhaukhhedi Firing ( Photo Credit- Social Media)

Sehore Firing Case: मध्य प्रदेश के सीहोर में मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे पर शनिवार रात हुई फायरिंग में एक युवक की जान चली गई। गोली सीधे उसके सिर में लगी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजनों ने हाईवे पर चक्काजाम किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने से लेकर पोस्टमॉर्टम रूम तक हंगामा किया।

दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान हुई फायरिंग

घटना शनिवार रात करीब 8 बजे सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे स्थित भाऊखेड़ी जोड़ की है। जानकारी के मुताबिक, अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री के गोदाम पर भूसा लेकर पहुंचे ट्रॉली के मजदूरों और पास में स्थित कल्लू चेयरमैन के ढाबे पर मौजूद लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और नौबत फायरिंग तक पहुंच गई।

इसी दौरान भाऊखेड़ी निवासी सचिन वर्मा (पिता द्वारका प्रसाद) को सिर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

युवक की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि घटनास्थल से बंदूक और कारतूस बरामद हुए हैं, इसके बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं कर रही है। परिजनों का कहना है कि सबूत मिलने के बाद भी गिरफ्तारी में देरी समझ से परे है।

पुलिस के रवैये से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थिति बिगड़ती देख एडिशनल एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद हाईवे से जाम हटाया गया।

थाने और पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर भी हंगामा

हाईवे से जाम हटने के बाद भी परिजनों का आक्रोश कम नहीं हुआ। वे इछावर थाने पहुंचे और वहां भी जमकर हंगामा किया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर भी परिजनों ने विरोध जताया। उनकी मांग है कि फायरिंग में शामिल आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी रख रही है। वहीं, परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story