TRENDING TAGS :
AI Voice Cloning Fraud: आपकी आवाज़ की नकली कॉपी से कैसे हो रहा फ्रॉड?
AI Voice Cloning से आपकी या किसी करीबी की हूबहू नकली आवाज़ बनाकर फ्रॉड किया जा सकता है। जानें AI Voice Scam कैसे होता है और इससे बचने के आसान तरीके।
AI Voice Cloning Fraud
AI Voice Cloning Fraud: सोचिए, रात में आपके फोन की घंटी बजती है। दूसरी तरफ आपके दोस्त की आवाज़ है। वह घबराया हुआ है और कह रहा है, भाई, बहुत बड़ी मुसीबत हो गई है। अभी पैसे चाहिए।” आवाज़ बिल्कुल वही है। बोलने का अंदाज वही है। घबराहट भी असली लग रही है। आप बिना ज्यादा सवाल किए पैसे भेज देते हैं। कुछ देर बाद आब फिर दोस्त को फोन करके पूछते हैं कि क्या हो गया? जवाब मिलता है कि उसने तो कोई फोन किया ही नहीं था।
तभी पता चलता है कि फोन पर आपका दोस्त था ही नहीं। उसकी आवाज़ की नकल एआई ने की थी। यह कोई फिल्मी कहानी नहीं है। आज एआई की मदद से किसी व्यक्ति की आवाज़ की काफी करीब नकल तैयार की जा सकती है। इसके लिए इंटरनेट पर उपलब्ध छोटे-से ऑडियो नमूने का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। अमेरिकी संघीय व्यापार आयोग ने चेतावनी दी है कि आवाज़ की नकल करने वाली तकनीक का इस्तेमाल परिवार के सदस्यों की आवाज़ बनाकर पैसे मांगने, अधिकारियों या कंपनियों के नाम पर बात करने और कारोबार में गलत भुगतान करवाने जैसे फ्रॉड में किया जा सकता है। यानी अब फोन पर किसी की आवाज़ सुन लेना उसकी पहचान का पक्का सबूत नहीं रह गया है। और यही बात आने वाले समय में ऑनलाइन फ्रॉड को और खतरनाक बना सकती है।
एआई किसी की आवाज़ की नकल आखिर करता कैसे है?
हमारी आवाज़ सिर्फ शब्दों का संग्रह नहीं है। हर व्यक्ति के बोलने का अपना तरीका होता है। आवाज़ की ऊंचाई, उतार-चढ़ाव, बोलने की गति, शब्दों के बीच रुकना, किसी शब्द पर जोर देना और यहां तक कि सांस लेने का तरीका भी आवाज़ को अलग बनाता है। एआई इन पैटर्न को समझने की कोशिश करता है। उसे किसी व्यक्ति की आवाज़ के नमूने दिए जाते हैं और वह उस आवाज़ की खासियतों का एक डिजिटल मॉडल तैयार कर सकता है। इसके बाद लिखे हुए शब्दों को उस आवाज़ जैसी ध्वनि में बदला जा सकता है।
पुराने समय में कंप्यूटर से बनाई गई आवाज़ अक्सर मशीन जैसी सुनाई देती थी। अब स्थिति काफी बदल गई है। आधुनिक आवाज़ बनाने वाली तकनीक इंसानी बोलने के अंदाज, उतार-चढ़ाव और भावनाओं की नकल पहले से कहीं बेहतर कर सकती है। अमेरिकी संघीय व्यापार आयोग ने 2020 में ही बताया था कि शोधकर्ताओं ने बहुत छोटे ऑडियो नमूने से भी किसी व्यक्ति की आवाज़ की काफी सटीक नकल बनाने की क्षमता दिखाई थी। यानी अगर किसी की आवाज़ का वीडियो या ऑडियो इंटरनेट पर मौजूद है, तो वह सिर्फ मनोरंजन या सोशल मीडिया पोस्ट नहीं है। वह उसकी आवाज़ का डिजिटल नमूना भी हो सकता है।
सोशल मीडिया पर डाली गई आपकी आवाज़ भी काम आ सकती है
आज हम अपनी आवाज़ खुद ही इंटरनेट पर छोड़ रहे हैं। इंस्टाग्राम की रील, फेसबुक वीडियो, यूट्यूब वीडियो, पॉडकास्ट, लाइव वीडियो या किसी सार्वजनिक कार्यक्रम का वीडियो—इन सबमें हमारी आवाज़ रिकॉर्ड हो सकती है। जरूरी नहीं कि कोई ठग आपके फोन को हैक करे। कई बार उसे सिर्फ इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी से काम चल सकता है। मान लीजिए किसी व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो डाले हैं। उनमें वह साफ आवाज़ में बोल रहा है। किसी ठग को उस व्यक्ति की पहचान, परिवार के सदस्यों की जानकारी और कुछ दूसरी निजी बातें भी इंटरनेट से मिल जाती हैं। अब आवाज़ की नकल तैयार करके कहानी को ज्यादा विश्वसनीय बनाया जा सकता है। यही वजह है कि एआई वाले फ्रॉड में सबसे बड़ा खतरा सिर्फ तकनीक नहीं है। असली खतरा तकनीक और पहले से उपलब्ध निजी जानकारी के मिल जाने से पैदा होता है।
सबसे खतरनाक फ्रॉड कौन-सा हो सकता है?
मान लीजिए आपको फोन आता है और दूसरी तरफ आपके किसी करीबी की आवाज़ है। वह कहता है कि उसका एक्सीडेंट हो गया है, पुलिस के चक्कर में फंस गया है या उसका फोन खो गया है। वह आपसे तुरंत पैसे भेजने को कहता है। ठग जानबूझकर ऐसी स्थिति बनाता है जिसमें आपको सोचने का समय न मिले। वह कह सकता है कि “अभी भेजो, बाद में बताऊंगा”, “किसी को मत बताना” या “बस आधे घंटे में पैसे वापस कर दूंगा।” यह तरीका इसलिए काम कर सकता है क्योंकि ठग आपके दिमाग की सबसे मजबूत कमजोरी पर हमला करता है -भावना।
जब सामने वाले की आवाज़ घबराई हुई हो और आपको लगे कि आपका अपना बच्चा, भाई, दोस्त या रिश्तेदार मुसीबत में है, तो दिमाग सामान्य स्थिति की तरह सवाल नहीं करता। अमेरिकी संघीय व्यापार आयोग ने भी ऐसे “फैमिली इमरजेंसी” फ्रॉड के बारे में चेतावनी दी है, जिसमें ठग किसी रिश्तेदार की आवाज़ की नकल करके तुरंत पैसे मांगता है।
आवाज़ असली लग रही हो तो भी भरोसा क्यों नहीं करना चाहिए?
क्योंकि अब “आवाज़ पहचानना” पहचान की पक्की जांच नहीं है। पहले अगर फोन पर मां की आवाज़ सुनाई दी तो स्वाभाविक रूप से भरोसा हो जाता था। लेकिन एआई के दौर में सवाल बदल गया है। अब सवाल यह नहीं है कि “आवाज़ किसकी लग रही है?” सवाल होना चाहिए- “क्या सामने वाला सच में वही व्यक्ति है?” यह छोटा-सा बदलाव आपको बहुत बड़े फ्रॉड से बचा सकता है। अगर फोन पर कोई करीबी पैसे मांग रहा है, तो उसी फोन कॉल पर भरोसा करके पैसे भेजने के बजाय कॉल काटिए और उसके उस नंबर पर खुद फोन कीजिए जिसे आप पहले से जानते हैं। अगर वह फोन नहीं उठा रहा है तो परिवार के किसी दूसरे सदस्य से संपर्क कीजिए। यानी आवाज़ को पहचान का सबूत नहीं, सिर्फ एक संकेत मानिए।
जब ठग आपको जल्दी फैसला लेने पर मजबूर करे
फ्रॉड करने वाले जानते हैं कि अगर उनके पास आपको सोचने का समय नहीं होगा तो उनके सफल होने की संभावना बढ़ जाएगी। इसलिए एआई आवाज़ वाले फ्रॉड में अक्सर कहानी के साथ जल्दी का दबाव भी हो सकता है। “अभी पैसे भेजो।” “अभी बैंक से बात करो।” “अभी खाते में पैसे डालो।” “अभी यह कोड बताओ।” “किसी को फोन मत करना।”
यहीं आपको रुक जाना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में दो मिनट रुकना नुकसान नहीं है, लेकिन बिना जांच के पैसे भेजना बहुत बड़ा नुकसान कर सकता है। अगर फोन करने वाला सच में आपका अपना है और वास्तव में परेशानी में है, तो पहचान की पुष्टि करने में उसे कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
अपने परिवार में एक गुप्त सवाल तय कर लीजिए
एआई आवाज़ की नकल कर सकता है, लेकिन आपके परिवार की ऐसी निजी याद हर बार नहीं जानता जिसे आपने पहले से तय किया हो। इसलिए परिवार में एक ऐसा सवाल या शब्द तय किया जा सकता है जिसका इस्तेमाल सिर्फ आपस में पहचान की पुष्टि के लिए किया जाए। मसलन, अगर कोई अचानक फोन करके पैसे मांगता है तो आप उससे कोई ऐसी निजी बात पूछ सकते हैं जिसका जवाब केवल असली व्यक्ति को पता होने की उम्मीद है। लेकिन यहां भी सावधानी जरूरी है। सोशल मीडिया पर आसानी से मिलने वाली जानकारी को सुरक्षा सवाल न बनाएं। किसी पालतू जानवर का नाम, स्कूल का नाम, जन्मदिन या मां का नाम जैसी जानकारी कई बार इंटरनेट पर पहले से मौजूद हो सकती है। अमेरिकी संघीय व्यापार आयोग भी सलाह देता है कि अगर किसी करीबी की आवाज़ में अचानक मदद की मांग आए तो उसकी पहचान किसी ऐसे नंबर से दोबारा संपर्क करके जांचें जिसे आप पहले से जानते हैं।
कॉल काटना बदतमीजी नहीं, सुरक्षा है
हममें से बहुत लोग फोन काटने में हिचकते हैं। खासकर जब सामने वाला रिश्तेदार, अधिकारी, बैंक कर्मचारी या कोई जाना-पहचाना व्यक्ति होने का दावा करे। ठग इसी झिझक का फायदा उठाते हैं। अगर कोई व्यक्ति आपको डराकर या दबाव बनाकर पैसे मांग रहा है तो आप आसानी से कह सकते हैं, “मैं आपको वापस फोन करता हूं।” फिर कॉल काट दीजिए। किसी भी असली संस्था या करीबी व्यक्ति की पहचान अलग तरीके से जांचने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
अगर सामने वाला कहता है कि “फोन मत काटना”, “किसी को मत बताना” या “अभी इसी समय करना होगा”, तो यह शक करने की बड़ी वजह है। अमेरिका के संघीय व्यापार आयोग ने भी अचानक आने वाले ऐसे कॉल में दबाव और गोपनीयता की मांग को धोखाधड़ी के संकेतों में गिना है।
बैंक के नाम पर आवाज़ आए तो क्या करें?
मान लीजिए फोन पर कोई व्यक्ति बिल्कुल बैंक कर्मचारी की तरह बात करता है। वह आपका नाम जानता है। उसे आपके बैंक का नाम पता है। वह कहता है कि खाते में संदिग्ध लेनदेन हुआ है और उसे रोकने के लिए आपको तुरंत कुछ करना होगा। यहां एक बात याद रखें -आपके बारे में जानकारी होना किसी व्यक्ति के असली होने का प्रमाण नहीं है। ठग चोरी या खरीदी गई जानकारी का इस्तेमाल करके बातचीत को विश्वसनीय बना सकते हैं। हाल की उपभोक्ता चेतावनियों में भी यही बताया गया है कि कॉल करने वाला आपका नाम, पता या खाते से जुड़ी कुछ जानकारी जानता हो तो भी उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। कॉल काटिए और बैंक के आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या कार्ड पर दिए गए नंबर से खुद संपर्क कीजिए। गूगल पर मिले किसी अनजान नंबर पर भरोसा करने के बजाय बैंक के आधिकारिक माध्यम का इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित है।
आवाज़ के साथ वीडियो भी नकली हो सकता है
अब खतरा सिर्फ आवाज़ तक सीमित नहीं है। एआई किसी व्यक्ति के चेहरे और आवाज़ दोनों की नकल कर सकता है। यानी आने वाले समय में आपको वीडियो कॉल पर कोई परिचित व्यक्ति दिखाई भी दे सकता है और उसकी आवाज़ भी वही सुनाई दे सकती है। ऐसे में “मैंने उसे वीडियो पर देख लिया, इसलिए वह असली ही होगा” वाली सोच भी सुरक्षित नहीं रहेगी। अगर वीडियो कॉल पर अचानक कोई बड़ा वित्तीय फैसला लेने को कहा जा रहा है तो दूसरे माध्यम से पहचान की पुष्टि करना फिर भी जरूरी है। शेषकर तब जब सामने वाला बैंक खाते, पासवर्ड, गोपनीय जानकारी या बड़ी रकम की बात कर रहा हो।
ओटीपी और बैंक की जानकारी कभी आवाज़ के भरोसे मत दें
चाहे सामने वाले की आवाज़ कितनी भी असली लगे, ओटीपी, पासवर्ड, कार्ड का पिन, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड या दूसरी संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अगर कोई कहता है कि “मैं बैंक से बोल रहा हूं, आपके खाते को बचाने के लिए ओटीपी बताइए”, तो बातचीत वहीं खत्म कर दें। भारतीय रिजर्व बैंक भी ग्राहकों को फिशिंग, विशिंग, रिमोट एक्सेस और बैंकिंग जानकारी साझा करने जैसे जोखिमों से सावधान रहने की सलाह देता है। याद रखिए, ओटीपी किसी पहचान की पुष्टि करने के लिए फोन पर बताने वाली चीज नहीं है।
आवाज़ की नकल पहचानने के लिए कोई आसान तरीका है?
अभी ऐसा कोई तरीका नहीं है जिससे आम व्यक्ति हर एआई आवाज़ को सुनते ही 100 प्रतिशत निश्चित होकर बता सके कि यह नकली है। कभी-कभी आवाज़ में अजीब रुकावट, भावनाओं और शब्दों के बीच असामान्य तालमेल, बहुत साफ या कुछ जगहों पर अस्वाभाविक उच्चारण जैसे संकेत मिल सकते हैं। लेकिन ठगों की तकनीक लगातार बेहतर हो रही है। इसलिए सिर्फ यह सोचकर सुरक्षित महसूस करना कि “मुझे तो नकली आवाज़ पहचाननी आती है”, सही रणनीति नहीं है। खुद अमेरिकी संघीय व्यापार आयोग ने कहा है कि आवाज़ की नकल रोकने या पहचानने के लिए फिलहाल कोई एक जादुई समाधान नहीं है। अलग-अलग स्तरों पर पहचान, प्रमाणीकरण और निगरानी जैसी तकनीकों पर काम हो रहा है। यानी सबसे मजबूत सुरक्षा अभी तकनीक से ज्यादा आपकी आदतें हैं।
सोशल मीडिया पर अपनी आवाज़ कितनी डालनी चाहिए?
इसका मतलब यह नहीं कि आपको सोशल मीडिया पर बोलना ही बंद कर देना चाहिए। लेकिन सार्वजनिक रूप से उपलब्ध निजी जानकारी जितनी ज्यादा होगी, किसी ठग के लिए आपको समझकर आपके नाम पर कहानी बनाना उतना आसान हो सकता है। इसलिए सोशल मीडिया पर परिवार के सदस्यों के फोन नंबर, घर का पता, यात्रा की लाइव जानकारी, बैंक या वित्तीय जानकारी जैसी चीजें सार्वजनिक करने से बचना समझदारी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को यह समझाना जरूरी है कि सोशल मीडिया पर किसी रिश्तेदार का वीडियो देखकर आने वाली अचानक वित्तीय मांग को तुरंत सच न मानें।
अगर ठग ने आपकी आवाज़ की नकल कर ली तो?
मान लीजिए किसी ने आपकी आवाज़ का इस्तेमाल करके आपके परिवार या दोस्तों को फोन कर दिया। ऐसे में पहले से अपने करीबी लोगों को बता देना उपयोगी हो सकता है कि अगर मेरी आवाज़ में अचानक पैसे मांगे जाएं तो पहले मुझसे दूसरे नंबर या किसी दूसरे माध्यम से पुष्टि करना। यह एक तरह का पारिवारिक सुरक्षा नियम बन सकता है। आप परिवार के सदस्यों के साथ पहले से तय कर सकते हैं कि अचानक पैसे मांगने पर कम से कम एक दूसरी पुष्टि जरूर होगी। इससे ठग को आपकी आवाज़ की नकल करके तुरंत भरोसा हासिल करने का फायदा कम हो जाता है।
अगर गलती से पैसे भेज दिए तो क्या करें?
यहां सबसे जरूरी शब्द है – तुरंत प्रतिक्रिया। अगर आपको लगता है कि एआई आवाज़ या किसी दूसरे साइबर फ्रॉड के जरिए पैसे चले गए हैं, तो इंतजार न करें। भारत में वित्तीय साइबर फ्रॉड की तुरंत रिपोर्टिंग के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 उपलब्ध है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। भारत सरकार के पोर्टल पर 1930 को वित्तीय साइबर फ्रॉड की तत्काल रिपोर्टिंग के लिए बताया गया है। साथ ही अपने बैंक या संबंधित भुगतान सेवा प्रदाता को तुरंत सूचना दें। भारतीय रिजर्व बैंक के मुताबिक अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन की जानकारी बैंक को जितनी जल्दी दी जाए, नुकसान को सीमित करने की संभावना उतनी बेहतर होती है। कॉल रिकॉर्डिंग, नंबर, संदेश, स्क्रीनशॉट, लेनदेन का विवरण और दूसरी उपलब्ध जानकारी सुरक्षित रखें। साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करते समय लेनदेन से जुड़ी जानकारी और उपलब्ध सबूत काम आ सकते हैं।
एआई आवाज़ वाले फ्रॉड का सबसे बड़ा हथियार तकनीक नहीं, भरोसा है
इस पूरी कहानी को समझने का सबसे आसान तरीका यही है कि ठग असल में आपकी आवाज़ या किसी रिश्तेदार की आवाज़ नहीं चुरा रहा। वह आपका भरोसा चुरा रहा है। अगर फोन पर आवाज़ आपके पिता की है तो आप भरोसा करते हैं। अगर सामने वाला बैंक कर्मचारी जैसा बोलता है तो भरोसा करते हैं। अगर वह आपका नाम और कुछ निजी जानकारी जानता है तो भरोसा और बढ़ जाता है। एआई ने इसी भरोसे को नकली बनाने की क्षमता बढ़ा दी है। इसलिए आने वाले समय में डिजिटल सुरक्षा का एक नया नियम बन सकता है - सिर्फ आवाज़ सुनकर किसी की पहचान पर भरोसा मत कीजिए। अगर अचानक पैसे मांगे जा रहे हैं, कॉल काटकर खुद फोन कीजिए। अगर बैंक का मामला है तो बैंक के आधिकारिक माध्यम से संपर्क कीजिए। अगर परिवार का मामला है तो किसी दूसरे सदस्य से पुष्टि कीजिए। अगर कोई ओटीपी या पासवर्ड मांग रहा है तो बिल्कुल मत दीजिए। और सबसे जरूरी बात - जितनी ज्यादा जल्दी सामने वाला आपको फैसला लेने के लिए मजबूर कर रहा है, उतनी ही ज्यादा देर आपको खुद फैसला लेने में लगानी चाहिए।
अब फोन पर “हेलो, कौन बोल रहा है?” काफी नहीं होगा
टेलीफोन के शुरुआती दौर में किसी की आवाज़ सुनना ही उसकी पहचान का सबसे आसान तरीका था। फिर कॉलर आईडी आई। उसके बाद वीडियो कॉल ने चेहरे को पहचान का नया माध्यम बनाया। अब एआई ने आवाज़ और चेहरे दोनों की नकल करना शुरू कर दिया है।
इसका मतलब यह नहीं कि तकनीक से डरकर फोन या इंटरनेट का इस्तेमाल छोड़ देना चाहिए। आवाज़ की नकल करने वाली तकनीक के अच्छे इस्तेमाल भी हैं - जिन लोगों की आवाज़ बीमारी या दुर्घटना के कारण चली गई है, उनके लिए अपनी जैसी आवाज़ में बोलने की सुविधा इसका एक उदाहरण है। समस्या तकनीक नहीं, उसका गलत इस्तेमाल है। और इसका समाधान भी सिर्फ कोई नया एआई पहचानने वाला ऐप नहीं है। तकनीकी कंपनियां आवाज़ की असली-नकली पहचान, प्रमाणीकरण और डिजिटल वॉटरमार्क जैसी तकनीकों पर काम कर रही हैं, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि कोई एक समाधान पर्याप्त नहीं होगा।
इसलिए फिलहाल सबसे मजबूत सुरक्षा बहुत साधारण है आवाज़ पर नहीं, पुष्टि पर भरोसा कीजिए। क्योंकि एआई आपकी मां जैसी आवाज़ बना सकता है, आपके बेटे जैसी आवाज़ बना सकता है, आपके बॉस जैसी आवाज़ बना सकता है। लेकिन अगर आपने पहले से तय कर रखा है कि किसी भी अचानक पैसे की मांग पर कॉल काटकर खुद वापस फोन करेंगे, तो ठग की सबसे बड़ी ताकत वहीं कमजोर पड़ जाती है। आने वाले समय में सवाल यह नहीं होगा कि “आवाज़ असली लग रही है या नकली?” बल्कि सवाल होगा कि “क्या मैंने सामने वाले की पहचान किसी दूसरे तरीके से पक्की की है?” यही आदत आपको एआई वाले वॉयस फ्रॉड से बचाने की सबसे मजबूत पहली दीवार बन सकती है।


