IPL 2027: 3 कारण क्यों दिल्ली कैपिटल्स को अक्षर पटेल की जगह ऋषभ पंत को बनाना चाहिए कप्तान

DC Captaincy: आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स को अपनी कप्तानी में बदलाव करना पड़ सकता है। जानिए ऋषभ पंत कप्तानी के लिए क्यों बेहतर विकल्प हैं।

Sawan Gupta
Published on: 12 Nov 2026 5:36 PM IST
Rishabh Pant
X

Image Source – Social Media

IPL 2027 DC Captaincy : आईपीएल 2027 के आगाज से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) में कप्तानी को लेकर पेंच फंस गया है। इस तरह की खबरें सामने आ रही हैं कि टीम के मौजूदा कप्तान अक्षर ने अगले सीजन टीम की कप्तानी नहीं करने की इच्छा जताई है। हालांकि दिल्ली की टीम उन्हें मनाने में जुटी हैं लेकिन अगर अक्षर कप्तानी नहीं करते हैं तो फिर DC को अगले सीजन के लिए नया कप्तान चुनना होगा। दिल्ली के पास कप्तानी के लिए दो बड़े विकल्प मौजूद हैं। पहले हैं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत जो ट्रेड होकर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से दिल्ली कैपिटल्स (DC) में आए हैं। इसके अलावा केएल राहुल का भी ऑप्शन कैपिटल्स के पास है।

हालांकि हम आपको बताते हैं कि वो 3 बड़े कारण कौन-कौन से हैं, जिससे दिल्ली कैपिटल्स को आगामी सीजन के लिए ऋषभ पंत को ही कप्तान बनाना चाहिए।

1.दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करने का पुराना अनुभव

ऋषभ पंत को कप्तान बनाने के पक्ष में सबसे बड़ी वजह उनका दिल्ली कैपिटल्स के साथ पुराना अनुभव है। पंत 2021 से 2024 तक इस फ्रेंचाइजी की कप्तानी कर चुके हैं। वह टीम के खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी की कार्यशैली को अच्छी तरह समझते हैं।

पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स ने 2021 में प्लेऑफ तक का सफर तय किया था। ऐसे में उन्हें दोबारा कप्तानी सौंपने पर टीम को नए सिरे से नेतृत्व व्यवस्था तैयार करने में ज्यादा समय नहीं लगाना पड़ेगा। इसके अलावा, पंत आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी भी कर चुके हैं। यानी उनके पास अलग-अलग टीमों का नेतृत्व करने का अनुभव है।

2.मैदान पर आक्रामक फैसले लेने की क्षमता

ऋषभ पंत की बल्लेबाजी की तरह उनकी कप्तानी में भी आक्रामकता देखने को मिलती है। विकेटकीपर होने के कारण वह मैदान पर लगातार खेल को करीब से देखते हैं। गेंदबाजों की लाइन-लेंथ, बल्लेबाजों की कमजोरी और फील्डिंग में बदलाव जैसे फैसलों में विकेटकीपर की भूमिका अहम होती है।

पंत के पास विकेट के पीछे से गेंदबाजों के साथ लगातार संवाद करने का भी अनुभव है। टी20 क्रिकेट में कप्तान को कई बार कुछ ही गेंदों में मैच की दिशा बदलने वाले फैसले लेने पड़ते हैं। दिल्ली कैपिटल्स को अगर IPL 2027 में खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदार बनना है तो टीम को ऐसे कप्तान की जरूरत होगी, जो दबाव के समय भी आक्रामक रणनीति अपना सके।

3.अक्षर पटेल की कप्तानी को लेकर अनिच्छा

ऋषभ पंत को कप्तान बनाने की तीसरी बड़ी वजह अक्षर पटेल का कथित तौर पर इस जिम्मेदारी को जारी रखने के लिए तैयार नहीं होना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षर पटेल IPL 2027 में दिल्ली की कप्तानी नहीं करना चाहते। फ्रेंचाइजी उन्हें इस भूमिका में बनाए रखने के लिए मनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

अक्षर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स पिछले दो सीजन में प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी। टीम ने IPL 2025 में पांचवां और IPL 2026 में छठा स्थान हासिल किया था। IPL 2026 में अक्षर का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 14 मैचों में 173 रन बनाए और 11 विकेट हासिल किए। हालांकि, उनके ऑलराउंड योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

अगर अक्षर खुद कप्तानी की जिम्मेदारी से हटना चाहते हैं तो फ्रेंचाइजी के लिए पंत को यह भूमिका सौंपना एक स्वाभाविक विकल्प हो सकता है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story