TRENDING TAGS :
वीरेंद्र सहवाग के बेटे ने जड़ा धुआंधार शतक, खेली 160 रनों की पारी; भारतीय टीम की बड़ी जीत
Aaryavir Sehwag Century : वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप में UAE के खिलाफ 168 गेंदों में 160 रन बनाए। जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने बड़ी जीत हासिल की।
Image Source – Social Media
Aaryavir Sehwag Century : भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप के अपने तीसरे मुकाबले में यूएई को 70 रन से हरा दिया। टीम इंडिया की इस जीत में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग की काफी अहम भूमिका रही। आर्यवीर ने इस मुकाबले में धुआंधार शतकीय पारी खेली, जिसकी वजह से भारतीय टीम 300 से ज्यादा का टोटल बनाने में कामयाब रही। आर्यवीर सहवाग ने दिखाया कि अपने पिता की ही तरह उनके अंदर भी विस्फोटक बल्लेबाजी करने की क्षमता है।
आर्यवीर सहवाग ने खेली जबरदस्त विस्फोटक पारी
यूएई के कप्तान अयान मिस्बाह ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन आर्यवीर सहवाग ने अपनी धुआंधार पारी से उनके इस फैसले को गलत साबित कर दिया। आर्यवीर और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के बीच पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी हुई। कप्तान लक्ष्य हालांकि 32 गेंद पर 17 रन ही बना सके। लेकिन आर्यवीर दूसरे छोर पर टिके रहे और दूसरे विकेट के लिए वीके विनीत के साथ मिलकर 193 रनों की मैराथन साझेदारी कर डाली। विनीत ने 69 गेंद पर 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 67 रनों की पारी खेली, जबकि आर्यवीर सहवाग ने 168 गेंद पर 17 चौके और 7 छक्के की मदद से शानदार 160 रन बनाए।
239 रनों पर ढेर हो गई UAE की टीम
टीम इंडिया के लिए निचले क्रम के बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे पाए। इसके बावजूद भारत ने 309 रनों का विशाल स्कोर बना दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई के लिए अहमद खुदाबाद ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए। वहीं नूरूल्लाह अयोबी ने भी 25 गेंद पर 39 रनों का योगदान दिया। हालांकि इसके अलावा बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। इसी वजह से यूएई की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई और 239 रन पर ही सिमट गई।
टूर्नामेंट में पहले भी दम दिखा चुके हैं आर्यवीर सहवाग
आर्यवीर सहवाग ने टूर्नामेंट में इससे पहले नेपाल के खिलाफ भी शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने उस मुकाबले में नाबाद 70 रनों की पारी खेली थी और भारत को 10 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। अब UAE के खिलाफ 160 रनों की पारी खेलकर आर्यवीर ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। क्रिकेट फैंस की नजरें अब उनकी आगे की प्रदर्शन पर रहेंगी।
भारत के लिए मैच जीतना था जरूरी
भारत और UAE के बीच यह मुकाबला ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा था। भारत के लिए यह मैच अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप चरण में काफी अहम था। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मुकाबले में हार के बाद भारतीय टीम के लिए इस मैच में बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी था। भारत ने मुकाबले में जीत हासिल करके शानदार वापसी की है।


