'मैं बस सीता-राम, सीता-राम...', आखिरी ओवर्स में आर्यवीर के दिमाग में चल रही थी ये बात, पिता सहवाग को सुनाया पूरा किस्सा

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत के बाद आर्यवीर सहवाग ने बताया कि आखिरी ओवर में वह लगातार सीता-राम का जाप कर रहे थे।

Sawan Gupta
Published on: 15 Nov 2026 3:15 PM IST (Updated on: 15 Nov 2026 3:20 PM IST)
Aaryavir Sehwag and Virender Sehwag
X

Aaryavir Sehwag and Virender Sehwag

IND vs PAK U19 Final: भारत ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप का टाइटल अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया ने रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को हराया। इस मुकाबले को लेकर सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि मैच के आखिरी लम्हों में उनके दिमाग में क्या चल रहा था। उन्होंने अपने पिता वीरेंद्र सहवाग से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान बताया कि जब भारतीय टीम मुश्किल में थी, तब वह करीब एक घंटे तक लगातार 'सीता-राम, सीता-राम' का जाप कर रहे थे।

आखिरी ओवर में आर्यवीर के दिमाग में क्या चल रहा था?

वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अपने बेटे आर्यवीर के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो कॉल के दौरान आर्यवीर सहवाग बता रहे हैं कि मैच जब फंसा हुआ था, तो उस वक्त उनके दिमाग में क्या चल रहा था। उन्होंने कहा कि वह करीब एक घंटे से बैठकर सीता-राम, सीता-राम का जाप कर रहे थे और भगवान से प्रार्थना कर रहे थे कि किसी तरह भारत यह मुकाबला जीत जाए।

उन्होंने बताया कि आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे। इसके बाद आखिरी गेंद पर 3 रन की जरूरत रह गई और स्ट्राइक पर गेंदबाज मौजूद था। ऐसे मुश्किल समय में वह बस यही दुआ कर रहे थे कि किसी भी तरह गेंद बाउंड्री के पार चली जाए। आखिरकार ऐसा ही हुआ और भारत ने चौका लगाकर खिताब जीत लिया।

पाकिस्तानी फैंस भी लगाने लगे थे सहवाग-सहवाग के नारे

आर्यवीर ने अपने पिता को एक और दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि बल्लेबाजी के दौरान जब उन्हें चोट लगी और फिजियो को मैदान पर आना पड़ा, तब स्टेडियम में मौजूद पाकिस्तानी दर्शक भी उनके नाम के नारे लगा रहे थे। आर्यवीर के मुताबिक, पाकिस्तानी फैंस 'सहवाग-सहवाग' चिल्ला रहे थे और उनकी बल्लेबाजी की तारीफ कर रहे थे। यह सुनकर वह भी काफी खुश हुए।

आर्यवीर ने फाइनल में जड़ा अर्धशतक

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने आर्यवीर सहवाग की 58 रन की पारी और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के 80 रनों की बदौलत अच्छी शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की। हालांकि, बीच के ओवरों में भारतीय टीम ने लगातार विकेट गंवाए और मुकाबला मुश्किल हो गया। 252 रनों पर भारत के 8 विकेट गिर चुके थे। ऐसे मुश्किल समय में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने पारी को संभाला और भारतीय टीम की मैच में वापसी करा दी।

मनल चौहान ने 32 गेंद पर 47 रन बनाए और मोहित ने नाबाद 49 रन बनाए। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिला दी।

आर्यवीर को चुना गया प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

आर्यवीर सहवाग के लिए यह टूर्नामेंट बेहद यादगार रहा। उन्होंने पांच पारियों में 361 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले। वीरेंद्र सहवाग ने बेटे के साथ बातचीत का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि कुछ पल पुरस्कारों, रनों और ट्रॉफियों से भी बड़े होते हैं। ये ऐसी यादें हैं जिन्हें एक पिता हमेशा संजोकर रखता है। उन्होंने आर्यवीर को जमीन से जुड़े रहने और अपनी मेहनत व प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ने की सलाह भी दी।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story