TRENDING TAGS :
6,6,6,6,6....,पुराने अंदाज में लौटे एबी डी विलियर्स, मात्र 39 गेंद में बना दिए 70 रन
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस के लिए खेलते हुए एबी डी विलियर्स एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आए। उन्होंने 39 गेंद में 70 रन की पारी खेल कर अपनी टीम को ये मैच जिताया है।
साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डी विलियर्स एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में लौट चुके हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड 2026 में तीसरा मुकाबला दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस और वेस्टइंडीज चैंपियंस के बीच खेला गया।
क्रिकेट में मिस्टर 360 डिग्री कहे जाने वाले डी विलियर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 180 के स्ट्राइक रेट से 70 रन बनाएं। इस दौरान उन्होंने 5 छक्के और चार चौके लगाए, जिस कारण उनकी टीम वेस्टइंडीज के सामने 243 का टारगेट खड़ा कर पाई।
पुराने अंदाज में लौटे एबी डी विलियर्स
यूएई के शारजाह में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड 2026 में साउथ अफ्रीका चैंपियंस और वेस्टइंडीज चैंपियंस के बीच बड़ा रोचक मुकाबला देखने को मिला। साउथ अफ्रीका चैंपियंस जब पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो तीसरे नंबर पर आए एबी डी विलियर्स ने मैदान पर उतरते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करनी शुरू कर दी। भले ही एबी डी विलियर्स ने 5 साल पहले क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन आज भी जब वह बल्लेबाजी करते हैं तो उनके अंदर अच्छे-अच्छे गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने की क्षमता नजर आती है।
वेस्टइंडीज चैंपियंस के खिलाफ डिविलियर्स ने कुछ ऐसा ही किया। मात्र 39 गेंद में 70 रन उन्होने बना दिए। उन्होंने मात्र 27 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। अपनी पारी के दौरान डिविलियर्स ने चारों तरफ शॉट लगाए जिससे गेंदबाज के लिए ये समझना मुश्किल हो रहा था कि आखिर उन्हें गेंद कहां डालें।
साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज चैंपियंस को हराया
साउथ अफ्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 242 रन बनाएं। इसके जवाब में जब वेस्ट इंडीज चैंपियंस की बारी आई तो टीम 18.2 ओवर में 145 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई और इस मुकाबले को साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने 97 रनों से अपने नाम किया।
वेस्ट इंडीज चैंपियंस की तरफ से क्रिस गेल ने भी 31 गेंद में 60 रन बनाए लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।


