TRENDING TAGS :
कौन हैं अर्जुन राजपूत? पाकिस्तान के खिलाफ लगाया धुआंधार शतक, हरभजन सिंह से है खास कनेक्शन
Arjun Singh Rajput Profile: अर्जुन राजपूत ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ 80 गेंदों में शतक जड़ा। जानिए जालंधर के इस युवा क्रिकेटर, उनके परिवार के संघर्ष और क्रिकेट करियर की पूरी कहानी।
Image Source – Social Media
Arjun Rajput Profile : भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप मुकाबले के दौरान युवा भारतीय बल्लेबाज अर्जुन राजपूत ने जमकर सुर्खियां बटोरी। टीम इंडिया जब लगातार विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, तब अर्जुन ने पारी को संभाला और धुआंधार शतक लगाया। यही वजह रही कि भारतीय टीम 200 से ज्यादा रन बनाने में कामयाब रही। अर्जुन राजपूत की बल्लेबाजी को देखकर ऐसा लग रहा था कि जैसे वो अलग ही पिच पर बैटिंग कर रहे हैं।
अर्जुन ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली धुआंधार पारी
अर्जुन राजपूत ने मुकाबले में 85 गेंद पर 11 चौके और 5 छक्के की मदद से धुआंधार 107 रन बनाए। टीम इंडिया शुरुआती विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। ऐसे में अर्जुन राजपूत ने पारी को संभाला और अकेले दम पर भारत को आगे लेकर गए। उनकी इस पारी की बदौलत ही भारतीय टीम किसी तरह 208 रन के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। वहीं अर्जुन की इस पारी को देखने के बाद हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर अर्जुन राजपूत कौन हैं और उनकी पूरी प्रोफाइल क्या है?
छोले-कुलचे बेचते थे अर्जुन के पिता
अर्जुन के पिता होती राम ने परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बेटे के सपने को साकार करने के लिए काफी संघर्ष किया है। वो पहले जालंधर में छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाते थे। अब वह बेकरी का काम करते हैं और कुलचे तैयार करके उनकी डिलीवरी भी करते हैं। परिवार ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अर्जुन की पढ़ाई और क्रिकेट ट्रेनिंग जारी रखी। अर्जुन और उनके परिवार ने हिम्मत नहीं हारी और अब अर्जुन राजपूत इंटरनेशनल लेवल पर भारत का मान बढ़ा रहे हैं। उनके पिता को उनकी मेहनत का फल मिलता नजर आ रहा है।
हरभजन सिंह से है खास कनेक्शन
अर्जुन सिंह राजपूत का पूर्व दिग्गज भारतीय स्पिन हरभजन सिंह से खास कनेक्शन निकलकर सामने आया है। दरअसल अर्जुन राजपूत ने सात साल की उम्र में जालंधर स्थित हरभजन सिंह क्रिकेट इंस्टीट्यूट से ही सीखना शुरु किया था। बाद में कोच विक्रम सिद्धू ने भी उनके क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में मदद की। जब अकादमी बंद हुई, तब अर्जुन की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए उनके कोच ने प्रयास जारी रखे।
गेंदबाजी में भी जलवा दिखा चुके हैं अर्जुन राजपूत
अर्जुन राजपूत की सबसे खास बात यह है कि वह केवल बल्लेबाजी करना ही नहीं जानते हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपनी गेंदबाजी से भी बल्लेबाजों को ढेर कर सकते हैं। उन्होंने इसका नमूना नेपाल के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप में भारत के पहले मुकाबले में दिखाया था। उस मैच में अर्जुन ने 5.3 ओवर में सिर्फ 8 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। नेपाल को ढेर करने में उनकी काफी अहम भूमिका रही थी। इससे पता चलता है कि अर्जुन गेंदबाजी में क्या कर सकते हैं।
जालंधर से निकलकर अंडर-19 लेवल तक पहुंचना और पाकिस्तान के खिलाफ दबाव वाले मुकाबले में शतक लगाना, इससे पता चलता है कि अर्जुन के अंदर कितनी प्रतिभा है। आने वाले मैचों में उनके ऊपर हर किसी की निगाह रहने वाली है कि वो किस तरह का प्रदर्शन करते हैं।


